रेल मंत्रालय के विशेष निर्देश पर जौनपुर पहुंचे अधिकारी, व्यापार मंडल ने रखा विकास का विजन

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

जौनपुर।

जौनपुर जंक्शन के समग्र विकास और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल उस समय देखने को मिली, जब रेल मंत्रालय के निर्देश पर वाराणसी उत्तर रेलवे के वाणिज्य निरीक्षक (CMI) रामनिवास यादव ने जौनपुर उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल के साथ विस्तृत बैठक कर व्यापारियों के सुझाव और मांगों को गंभीरता से सुना। बैठक का नेतृत्व जौनपुर उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष दिनेश टंडन ने किया।

बैठक में व्यापार मंडल ने स्पष्ट कहा कि जौनपुर जैसे ऐतिहासिक, औद्योगिक और व्यावसायिक महत्व के शहर के साथ रेलवे द्वारा वर्षों से उपेक्षापूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि जौनपुर जंक्शन पर आधुनिक रेलवे यार्ड, वॉशिंग सेंटर, शेडिंग सुविधा तथा साइडिंग रैक की व्यवस्था तत्काल शुरू की जाए, जिससे व्यापार, उद्योग और रोजगार को नई दिशा मिल सके।

सब्जी फल व्यापार समिति के महामंत्री एवं प्रदेश मंत्री महेंद्र सोनकर ने कहा कि जौनपुर से देश के प्रमुख व्यापारिक महानगरों के लिए सीधी रेल सेवाएं समय की सबसे बड़ी आवश्यकता हैं। उन्होंने “मां शीतला एक्सप्रेस” जैसी नई ट्रेन संचालित करने का सुझाव देते हुए कहा कि इससे व्यापारियों, किसानों और आम यात्रियों को व्यापक लाभ मिलेगा।

प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सुगंधित तेल कुटीर उद्योग के जिलाध्यक्ष सोमेश्वर केसरवानी ने अधिकारियों को बताया कि रेलवे की उपयुक्त माल परिवहन सुविधाओं के अभाव में कभी देशभर में प्रसिद्ध जौनपुर का चमेली सुगंधित तेल उद्योग धीरे-धीरे समाप्ति की ओर चला गया। यदि रेलवे बेहतर ढांचागत सुविधाएं उपलब्ध कराए तो यह उद्योग दोबारा नई पहचान बना सकता है।

जौनपुर नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राधेरमण जायसवाल तथा सब्जी फल व्यापार समिति के अध्यक्ष राजमणि यादव ने कहा कि जौनपुर जंक्शन की अनदेखी अब स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि आसपास के छोटे स्टेशनों पर उपलब्ध कई सुविधाएं भी जौनपुर जंक्शन पर नहीं हैं। जबकि यह पूर्वांचल का एक महत्वपूर्ण रेलवे केंद्र है। उन्होंने जंक्शन से देश के बड़े शहरों के लिए नई ट्रेनों के संचालन की मांग भी उठाई।

बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष दिनेश टंडन ने वाणिज्य निरीक्षक रामनिवास यादव से आग्रह किया कि व्यापार मंडल द्वारा प्रस्तुत सभी मांगों और सुझावों को तत्काल रेल मंत्री एवं रेलवे के उच्च अधिकारियों तक भेजा जाए, ताकि जौनपुर के विकास से जुड़े निर्णय शीघ्र लिए जा सकें।

रेलवे अधिकारी ने व्यापार मंडल के सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें नियमानुसार उच्च स्तर पर प्रेषित करने का आश्वासन दिया। इससे व्यापारियों में नई उम्मीद जगी है। कि जौनपुर जंक्शन के विकास को अब नई रफ्तार मिल सकती है।

बैठक में प्रदेश युवा कोषाध्यक्ष संतोष अग्रहरि, जिला संरक्षक छब्बूलाल सोनकर, जिला महामंत्री रामकुमार साहू, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेश सोनकर, नरसिंह अवतार जायसवाल, रामआसरे मौर्य, रत्तीलाल सोनकर, आशीष माली, पप्पू सोनकर, बाबा जी, विजय सोनकर, राकेश जायसवाल, यशवंत साहू, चंदन जायसवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

व्यापार मंडल का स्पष्ट संदेश था कि जौनपुर के विकास, उद्योगों के पुनर्जीवन और व्यापारिक उन्नति के लिए रेलवे सुविधाओं का विस्तार अब केवल मांग नहीं, बल्कि समय की आवश्यकता है।

 

रिपोर्ट: सुरेश कुमार शर्मा

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

वामा सारथी के तत्वावधान में हरियाली तीज कार्यक्रम के अंतर्गत पुलिस लाइन मीरजापुर में मेहंदी, लोकगीत एवं भजन-लोक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को किया गया पुरस्कृत —