चन्दौली शहाबगंज
विकासखंड अंतर्गत बेन-धरौली नहर में डड़ियां गांव के सामने बने छह इंच के तीन कुलावों में से दो के जाम होने से क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित हो गई है। इन कुलावों का पानी खिलची ड्रेन के माध्यम से रेगुलेटरों द्वारा खिलची, घोड़सारी, परमंदापुर, खखड़ा और पचपरा सहित कई गांवों के खेतों तक पहुंचता है। फिलहाल तीन में से केवल एक कुलावा ही चालू है, जबकि दो कुलावे सड़क चौड़ीकरण के दौरान टेढ़े होकर पूरी तरह जाम हो गए हैं।
समस्या की गंभीरता को देखते हुए किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने सरदार सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंचकर कुलावों का निरीक्षण किया। कार्यकर्ताओं ने लंबे लोहे के रॉड की मदद से जाम कुलावों को खोलने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बताया गया कि करीब 10–15 दिन पहले भी इसी तरह का प्रयास किया गया था, तब भी समस्या जस की तस बनी रही।
कुलावों के बंद होने से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसे लेकर किसान विकास मंच ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को अवगत कराते हुए मांग की कि जाम कुलावों को तत्काल खुलवाया जाए या आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उखाड़कर नए कुलावे लगाए जाएं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए अवर अभियंता दीपक मिश्रा ने तत्काल संबंधित ठेकेदार को मौके पर भेजकर समस्या के समाधान के निर्देश दिए। इसके बाद ठेकेदार के कर्मचारियों ने स्थल का निरीक्षण किया और जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू कर समस्या का स्थायी समाधान करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान सरकार सिंह, सुरेश मौर्य, श्याम लाल मौर्य, राम अवध सिंह, शंभूनाथ सिंह सहित किसान विकास मंच के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









Users Today : 50
Users This Year : 24227
Total Users : 36820
Views Today : 65
Total views : 72372