खरौझा के शिव-दुर्गा मंदिर में चोरी, दानपेटी तोड़ घंटे ले उड़े चोर; ग्रामीणों में आक्रोश

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

चन्दौली इलिया

थाना क्षेत्र के खरौझा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के समीप बने प्राचीन शिव-दुर्गा मंदिर में सोमवार की देर रात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम देकर क्षेत्र में सनसनी फैला दी। बेखौफ चोर मंदिर परिसर में रखी दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी निकाल ले गए, वहीं मंदिर में लगे पीतल के बड़े-छोटे कई घंटे भी उखाड़कर फरार हो गए। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।

मंगलवार सुबह मंदिर के पुजारी रोज की तरह साफ-सफाई के लिए पहुंचे तो दानपेटी टूटी हुई मिली और मंदिर में लगे घंटे गायब थे। इसके बाद उन्होंने तत्काल गांव के शशिकांत सिंह समेत अन्य ग्रामीणों को सूचना दी।

देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना इलिया पुलिस को देते हुए अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित तहरीर देकर जल्द खुलासे और गिरफ्तारी की मांग की।

ग्रामीणों के अनुसार, शिव और दुर्गा जी का मंदिर एक ही परिसर में स्थित है और उसके बगल में प्राथमिक विद्यालय है। इसके बावजूद चोरों ने रात के अंधेरे में बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। इससे गांव के लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

पुलिस के अनुसार, चोर एक बड़ा पीतल का घंटा और चार-पांच छोटे घंटे चुरा ले गए हैं। दानपेटी का ताला भी टूटा मिला है। प्रारंभिक जांच में दानपेटी में अधिक नकदी न होने की बात सामने आई है। मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, जिससे जांच में कुछ कठिनाई आ रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी हुई है।

घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस की रात्रि गश्त और पेट्रोलिंग व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि यदि नियमित और प्रभावी गश्त होती, तो चोर इतनी आसानी से मंदिर को निशाना नहीं बना पाते। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, मंदिरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

 

रिपोर्ट – आलिम हाशमी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई