वाराणसी, 25 जून 2026
पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन के सम्बन्ध में वृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला टास्क फ़ोर्स की बैठक जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई | जनपद में 28 जून से पल्स पोलियो विशेष अभियान की शुरूआत की जा रही है। इस अभियान में 5 वर्ष तक के 5,44,106 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलायी जायेगी। इस अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जनपद की कार्ययोजना के बारे में जानकारी प्राप्त की|
उन्होंने निर्देशित किया कि लक्षित शत-प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाई जाये| इस हेतु लगाये गये कर्मियों को प्रशिक्षित किया जाये तथा अभियान के अंतर्गत ही बीमार एवं प्रतिरोधी परिवारों के बच्चों को चिन्हित कर पोलियो की खुराक दी जाये| प्रशिक्षण में अनुपस्थित सुपरवाइजर एवं वैक्सीनेटरों का वेतन / मानदेय रोके जाने का निर्देश दिया गया। उन्होंने ने कहा कि इस अभियान में किसी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी|
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बूथ दिवस 28 जून को सभी विद्यालय खोले जायेंगे तथा बच्चों की बुलावा टोली बनाकर ज्यादा से ज्यादा बच्चों को बूथ दिवस पर ही प्रतिरक्षित किए जाने का प्रयास किया जाये| इस दिन सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित किए जायेंगे| बूथों का उदघाटन स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाये।
ट्रांज़िट टीमें एयरपोर्ट सहित रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों पर लगाए जाएं जिससे कि अधिक से अधिक बच्चों को पोलियो की वैक्सीन पिलाई जा सके। उन्होंने जनसमुदाय से अपील की है कि अपने 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलवायें|मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मुकेश कुमार ने बताया कि छह दिन तक चलने वाले इस अभियान में 5,44,106 बच्चे दवा पियेंगे। रविवार 28 जून को बूथ दिवस से शुरुआत हो रही है।
इसमें जिले में बने 1811 बूथों पर पोलियो की खुराक दी जायेगी। जबकि घर-घर भ्रमण के लिए कुल 1265 घर-घर टीमें तथा 34 ट्रांजिट टीमें बनाई गई हैं| बूथ दिवस पर पोलियों खुराक से वंचित बच्चों को 29 जून से घर-घर जाकर पोलियो की खुराक देने का काम होगा। इसलिए सतर्क रहें और अपने 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलायें|
बैठक का संचालन जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एस एस कन्नौजिया एवं डबल्यूएचओ एसएमओ डॉ महेंद्र के द्वारा किया गया| इस बैठक में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ एस एस कनौजिया, समस्त अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ,उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा अधीक्षक, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, सहित जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, जेएसआई डीसी , सीएसओ,अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे|











Users Today : 37
Users This Year : 18133
Total Users : 30726
Views Today : 150
Total views : 61067