वाराणसी।
NEET पेपर लीक मामले को लेकर सोमवार को वाराणसी में विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया गया। प्रदर्शनकारियों ने लंका गेट से प्रधानमंत्री जनसंपर्क कार्यालय तक मार्च निकालने की तैयारी की थी। प्रशासन ने प्रस्तावित मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया।
जानकारी के अनुसार, विरोध प्रदर्शन में पल्लवी पटेल तथा NSUI के कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना थी। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा। प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही संबंधित संगठनों के कई पदाधिकारियों को नजरबंद किए जाने की सूचना है। इसके चलते विरोध कार्यक्रम निर्धारित रूप से नहीं हो सका। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।

पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कहा कि प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार के जुलूस या प्रदर्शन की अनुमति नहीं है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की।
NEET पेपर लीक प्रकरण को लेकर देश के विभिन्न हिस्सों में छात्रों और राजनीतिक संगठनों द्वारा लगातार विरोध जताया जा रहा है। इसी क्रम में वाराणसी में भी प्रदर्शन का आह्वान किया गया था, हालांकि प्रशासनिक हस्तक्षेप के कारण कार्यक्रम को लेकर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।










Users Today : 66
Users This Year : 23677
Total Users : 36270
Views Today : 137
Total views : 71240