वाराणसी।
शहर के विकास को नई गति देने के लिए नगर निगम वाराणसी ने बड़ा कदम उठाया है। नगर निगम ने रक्षा संपदा विभाग और रेलवे के साथ 227.5 बीघा (करीब 57.6 हेक्टेयर) भूमि के आदान-प्रदान का फैसला किया है। इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव को नगर निगम की कार्यकारिणी और सदन दोनों की मंजूरी मिल चुकी है।
भूमि विनिमय के बाद नगर निगम को शहर के कई महत्वपूर्ण इलाकों में जमीन उपलब्ध होगी, जहां पार्किंग, ट्रैफिक मैनेजमेंट, सार्वजनिक सुविधाओं और अन्य विकास परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। इससे शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
प्रस्ताव के तहत नगर निगम को कैंटोनमेंट स्थित गुडशेड बाजार की 1.2286 हेक्टेयर भूमि, फुलवरिया फ्लाईओवर के नीचे 3.8121 हेक्टेयर भूमि, डोमरी और सूजाबाद क्षेत्र की 19.6690 हेक्टेयर भूमि तथा कैंटोनमेंट की 160 एकड़ भूमि में रेलवे के कब्जे वाली जमीन को छोड़कर शेष 34.259 हेक्टेयर भूमि प्राप्त होगी।
इसके बदले नगर निगम रेलवे को मौजा घौसाबाद, मंडुआडीह मार्ग और गुडशेड बाजार क्षेत्र की अपनी कुछ भूमि हस्तांतरित करेगा। दोनों पक्षों के बीच समान मूल्य की भूमि का आदान-प्रदान किया जाएगा।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने रक्षा संपदा अधिकारी, प्रयागराज को पत्र भेजकर प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का अनुरोध किया है।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि यह पहल वाराणसी के आधुनिक विकास, बेहतर यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं के विस्तार में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने भरोसा जताया कि इससे वर्षों से चली आ रही प्रशासनिक जटिलताएं भी समाप्त होंगी और शहर के चहुंमुखी विकास का रास्ता और मजबूत होगा।










Users Today : 63
Users This Year : 23674
Total Users : 36267
Views Today : 133
Total views : 71236