चौबेपुर/वाराणसी
क्षेत्र के कैथी स्थित प्रसिद्ध मारकंडेय महादेव धाम में दर्शन-पूजन के दौरान महिला श्रद्धालु से चेन स्नेचिंग की घटना सामने आई है, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।सोमवार सुबह लगभग 9:30 बजे लश्करपुर निवासी गुंजन गिरी पुत्री रमेश गिरी मंदिर में जलाभिषेक के लिए कतार में खड़ी थीं। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात महिला द्वारा उनके गले से करीब 10 ग्राम सोने की चेन काट लेने का आरोप लगाया गया है।
पीड़िता के अनुसार चेन की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है।घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई और श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी फैल गई। बताया जा रहा है कि सीसीटीवी फुटेज में पीले स्टॉल में एक संदिग्ध महिला दिखाई दे रही है, जो भीड़ में पीछे से आकर वारदात को अंजाम देती नजर आ रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चेन स्नेचिंग करने वाला महिला गिरोह सक्रिय है,
जो भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थलों और श्रद्धालुओं को लगातार निशाना बना रहा है। मारकंडेय महादेव धाम में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आने के बावजूद अब तक प्रभावी अंकुश नहीं लग पाया है।श्रद्धालुओं का आरोप है कि हर बार घटना के बाद जांच का आश्वासन देकर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है, जबकि सुरक्षा व्यवस्था जस की तस बनी रहती है।
नियमित दर्शनार्थी सोनू सेठ ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मंदिर परिसर के बगल में कैथी चौकी स्थित होने के बावजूद ऐसी घटनाएं होना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है। उन्होंने सख्त कार्रवाई और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।वहीं इस मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पीड़िता से संपर्क कर तहरीर लेकर सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाएगी तथा दोषियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।










Users Today : 66
Users This Year : 23677
Total Users : 36270
Views Today : 137
Total views : 71240