लखनऊ।
उत्तर प्रदेश पुलिस में रेडियो ऑपरेटर की ट्रेनिंग पूरी कर घर लौटे एक जवान का भव्य स्वागत इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। स्वागत जुलूस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर कोई हैरान है।
बताया जा रहा है कि फिरोजाबाद जनपद के गांव गढ़ी मिश्री का पुरा निवासी अजय कुमार निषाद ने यूपी पुलिस में रेडियो ऑपरेटर की ट्रेनिंग पूरी की है। ट्रेनिंग के बाद जब वह अपने गांव पहुंचे, तो ग्रामीणों और परिजनों ने उनके सम्मान में भव्य स्वागत जुलूस निकाला।
इस जुलूस में फोरव्हीलर और टूव्हीलर वाहनों का लंबा काफिला शामिल रहा। अजय निषाद एक एसयूवी कार की छत खोलकर खड़े होकर लोगों का अभिवादन करते नजर आए। उनके गले में फूलों की कई मालाएं पड़ी थीं, जबकि बाइक सवार युवक आगे-आगे उत्साह के साथ जुलूस का नेतृत्व कर रहे थे। पूरे काफिले में फिल्मी गानों की धुन पर जश्न का माहौल बना हुआ था।
जानकारी के अनुसार, यह काफिला आगरा के शमसाबाद, धिमश्री और फतेहाबाद होते हुए फिरोजाबाद पहुंचा। रास्ते भर लोगों की भीड़ इस नजारे को देखने के लिए उमड़ती रही। इतना बड़ा काफिला देखकर लोग अचरज में पड़ गए, क्योंकि ऐसा दृश्य आमतौर पर किसी बड़े नेता के स्वागत में ही देखने को मिलता है।
करीब तीन दिन पुराना बताया जा रहा यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है। जहां एक ओर लोग जवान के सम्मान और उत्साह की सराहना कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे अत्यधिक दिखावा भी बता रहे हैं। यह भव्य स्वागत जुलूस क्षेत्र में चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है।










Users Today : 34
Users This Year : 23645
Total Users : 36238
Views Today : 82
Total views : 71185