वाराणसी:
‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत वाराणसी कमिश्नरेट की लोहता पुलिस और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 54.160 किलोग्राम अवैध गांजा और तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा एक मालवाहक ट्रक बरामद किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
सभईपुर अंडरपास के पास चेकिंग में खुली पोल
पुलिस उपायुक्त (वरुणा जोन) के निर्देशन में अपराध व अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत, 19 मई 2026 को शाम करीब 4:50 बजे लोहता थाना क्षेत्र के सभईपुर अंडरपास के पास पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हरहुआ की तरफ से आ रहे एक संदिग्ध ट्रक को रोका गया।
जब ट्रक चालक से पूछताछ की गई, तो उसने अपना नाम वकील बिन्द (उम्र 29 वर्ष), निवासी ग्राम रंगपुर, थाना दरियाव, जनपद रोहतास (बिहार) बताया। आरोपी ने शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और कहा कि वह फल लोड करने के लिए बिहार से प्रयागराज जा रहा है।
ट्रक के केबिन में बने ‘सीक्रेट डिवाइडर’ से निकला गांजा
संदेह होने पर जब पुलिस टीम ने ट्रक की सघन तलाशी ली, तो होश उड़ गए। तस्कर ने पुलिस को चकमा देने के लिए ट्रक के आगे बने केबिन के डिवाइडर में गांजे को छिपाकर रखा था। तलाशी के दौरान वहां से कुल 54.160 किलो अवैध गांजा और ₹580 नगद बरामद हुए।
पूछताछ में कबूला जुर्म: आरोपी ने स्वीकार किया कि वह दूसरे राज्यों से कम दामों में गांजा खरीदकर ऊंचे मुनाफे के लिए स्थानीय बाजारों में सप्लाई करने जा रहा था।
आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास पूछताछ में यह भी सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि आरोपी वकील बिन्द एक शातिर अंतर्राज्यीय ड्रग तस्कर है।
वह इससे पहले उड़ीसा राज्य के अढ़ामाली (अनुगुर जनपद) में भी एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत जेल जा चुका है। पुलिस अब अन्य राज्यों से भी उसके आपराधिक इतिहास और नेटवर्क की कुंडली खंगाल रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
लोहता थाने में आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0- 0162/2026 धारा- 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।










Users Today : 6
Users This Year : 23702
Total Users : 36295
Views Today : 8
Total views : 71274