बाबा जागेश्वर धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब,सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ पर गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

चन्दौली चकिया

भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और राष्ट्र गौरव के प्रतीक ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ का आयोजन रविवार को जिलेभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। जनपद के विभिन्न शिवालयों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित हुए, जबकि मुख्य आयोजन पवित्र चकिया के जागेश्वर धाम मंदिर परिसर में भव्य रूप से संपन्न हुआ। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

मुख्य कार्यक्रम में चकिया विधायक कैलाश खरवार, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, परियोजना अधिकारी, खंड विकास अधिकारी विकास सिंह, पर्यटन अधिकारी नितिन द्विवेदी सहित कई अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक एवं पूजन किया। इस दौरान मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय सोमनाथ’ के उद्घोष से गुंजायमान रहा।

विधायक कैलाश खरवार ने अपने संबोधन में कहा कि ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ भारत की सनातन संस्कृति, संघर्ष और पुनर्जागरण की अमर गाथा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गुजरात के प्रभास पाटन स्थित सोमनाथ मंदिर केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि भारतीय आत्मसम्मान और अटूट आस्था का जीवंत प्रतीक है। हजारों वर्षों से यह मंदिर देशवासियों को शक्ति, आत्मविश्वास और एकता का संदेश देता आ रहा है।

भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को भारतीय इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि भारत की आध्यात्मिक परंपरा विश्व में अद्वितीय है और इसे सहेजना हम सभी की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोमनाथ से दिए गए संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित श्रद्धालुओं ने बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ सुना। वहीं जनपद से सोमनाथ भ्रमण कर लौटे 10 तीर्थयात्रियों एवं नोडल अधिकारियों के दल ने मंदिर की भव्यता, दिव्य आरती, प्रकाश एवं ध्वनि शो तथा समुद्र तट के अलौकिक दृश्यों का अनुभव साझा किया। उनके अनुभवों ने उपस्थित लोगों में भी सोमनाथ धाम के प्रति विशेष आकर्षण और श्रद्धा पैदा की।

धार्मिक अनुष्ठानों, भक्ति संगीत और सांस्कृतिक वातावरण के बीच संपन्न यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और सांस्कृतिक गौरव का अविस्मरणीय अवसर बन गया।

 

रिपोर्ट – अलीम हाशमी

 

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई