वाराणसी:
लक्सा थाना क्षेत्र के औरंगाबाद इलाके में 35 वर्षीय ब्यूटिशियन पूनम शर्मा की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतका के साथी 50 वर्षीय मनोज शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी को शुक्रवार को हरिश्चंद्र घाट के पास से दबोचा गया।
एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी मनोज शर्मा ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि पूनम अक्सर दो लोगों से फोन पर लंबी बातचीत करती थी, जिसे लेकर उसे शक था कि उसके किसी और से अवैध संबंध हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
पुलिस के अनुसार घटना वाले दिन भी दोनों के बीच इसी मुद्दे पर कहासुनी हुई। आरोपी नशे की हालत में था और गुस्से में उसने पूनम का गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने पूनम का मोबाइल फोन भी कहीं फेंक दिया ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिल सके।
जांच में यह भी सामने आया कि पूनम अपने पति किसन प्रसाद और दो बच्चों को छोड़कर वर्ष 2021 से मनोज शर्मा के साथ रह रही थी। करीब एक माह पहले पति की मौत के बाद पूनम अपने बच्चों को अपने साथ रखना चाहती थी, लेकिन मनोज इसका विरोध कर रहा था। आरोपी का कहना था कि बच्चे बड़े हो चुके हैं और वे उसे कभी स्वीकार नहीं करेंगे।
पुलिस को आरोपी के भाई सुनील की पत्नी से भी अहम जानकारी मिली। उसने बताया कि पिछले एक महीने से बच्चों को लेकर दोनों के बीच लगातार झगड़े हो रहे थे।
मामले के खुलासे में लक्सा थानाध्यक्ष राजू कुमार, औरंगाबाद चौकी प्रभारी प्रमोद कुशवाहा, उपनिरीक्षक सुमित कुमार समेत पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है।










Users Today : 11
Users This Year : 23707
Total Users : 36300
Views Today : 14
Total views : 71280