वाराणसी।
होमगार्ड भर्ती परीक्षा–2025 के मद्देनजर कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह सतर्क है। अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) ने परीक्षा के पहले दिन विभिन्न परीक्षा केन्द्रों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित इस परीक्षा का संचालन 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को जनपद के 45 केन्द्रों पर किया जा रहा है। परीक्षा दो पालियों में आयोजित हो रही है—प्रथम पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक। प्रतिदिन करीब 40 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है, जबकि तीन दिनों में कुल संख्या 1.20 लाख से ज्यादा पहुंच सकती है।

पुलिस प्रशासन के अनुसार बलिया, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, मऊ, मीरजापुर और प्रयागराज समेत आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आने को देखते हुए व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था की गई है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त ने जेपी मेहता इंटर कॉलेज, यू.पी. कॉलेज और रानी मुरार बालिका इंटर कॉलेज समेत कई केन्द्रों का दौरा किया। यहां अभ्यर्थियों की एंट्री, पहचान पत्र जांच, सीसीटीवी निगरानी, भीड़ नियंत्रण और पुलिस तैनाती का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी ड्यूटी प्वाइंट पर सतर्क रहें, परीक्षा केन्द्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न जुटने दें और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखें। साथ ही यातायात पुलिस और स्थानीय थानों को समन्वय बनाकर प्रमुख मार्गों पर सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने, परीक्षा प्रक्रिया को प्रभावित करने या किसी प्रकार की अनियमितता करने वालों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा अवधि के दौरान सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।
जनता से अपील
अपर पुलिस आयुक्त ने आमजन से अपील की है कि परीक्षा केन्द्रों के आसपास भीड़ न लगाएं और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से भी शांति एवं अनुशासन बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई है।










Users Today : 50
Users This Year : 12362
Total Users : 24955
Views Today : 141
Total views : 49377