आजमगढ़।
मेंहनगर थाना क्षेत्र में एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गैंगेस्टर एक्ट में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी प्रतिबंधित पशुओं की चोरी कर उन्हें गैर प्रांत ले जाकर अवैध वध करने वाले संगठित गिरोह का सक्रिय सदस्य था।
गिरफ्तार अभियुक्त आरिफ पुत्र इस्माइल निवासी खौरा रसूलपुर व्यवहरा थाना मुबारकपुर, लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पहले 25 हजार का इनाम घोषित था, जिसे बढ़ाकर 50 हजार कर दिया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत 13 अप्रैल की शाम एसटीएफ प्रयागराज और मेंहनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर करनेहुआ डिग्री कॉलेज के पास घेराबंदी कर रात करीब 8 बजे आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह सोनू उर्फ जावेद के नेतृत्व में संचालित हो रहा था, जिसमें धर्मेंद्र गुप्ता, बुद्धू उर्फ फैजान, पप्पू उर्फ अली अहमद और राजकुमार समेत कई सदस्य शामिल हैं। गिरोह के लोग प्रतिबंधित पशुओं की चोरी कर तस्करी करते थे, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ था।
आरिफ के खिलाफ पहले से कई संगीन मामले दर्ज हैं। वर्ष 2024 में शिवरामपुर क्षेत्र में प्रतिबंधित पशुओं की बरामदगी के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। इसके अलावा चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
गिरोह की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए प्रशासन ने गैंग चार्ट बनाकर सभी सदस्यों के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की थी। पुलिस की लगातार दबिश के बाद अब इस गिरोह के एक बड़े सदस्य की गिरफ्तारी संभव हो सकी है।
पुलिस का कहना है कि फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे गिरोह का सफाया किया जाएगा।








Users Today : 27
Users This Year : 11666
Total Users : 24259
Views Today : 116
Total views : 47661