चंदौली जिले की मुगलसराय कोतवाली के बाहर मंगलवार की देर शाम अधिवक्ता मोहम्मद इस्लाम खान और उनके परिवार पर फल विक्रेताओं ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि अधिवक्ता अपनी पत्नी तबस्सुम, बड़ी बेटी फिजा और पुत्र सुहेल के साथ खरीदारी कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान कोतवाली गेट के बाहर फल खरीदते समय मामूली विवाद हुआ और देखते ही देखते कई ठेला- खोमचे वाले मौके पर जुट गए। विवाद इतना बढ़ गया कि अधिवक्ता और उनके परिजनों के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची तो हमलावर फरार हो गए, हालांकि पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया। पीड़ित अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि हमला करने वालों ने उनके परिवार को गंभीर चोटें पहुंचाई हैं और उनकी गाड़ी को भी काफी नुकसान पहुंचाया गया है