मैनपुरी
जनपद के कुसमरा नगर पंचायत क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शिकायत लेकर पहुंचे एक व्यक्ति के साथ ही कथित तौर पर सरकारी कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर मारपीट कर दी। पीड़ित ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई
पीड़ित के अनुसार, उसने 8 अप्रैल 2026 को अपनी शिकायत अधिकारियों को दी थी। जिसमें उसका आरोप था कि कुछ लोग नगर पंचायत की पाइपलाइन से बड़ा होल करके अपने खेतों की सिंचाई कर रहे हैं। जबकि उसके मोहल्ले वालों को पीने के लिए पानी प्राप्त नहीं हो रहा है।
जिसकी शिकायत उसने अपर जिला अधिकारी से की थी। पीड़ित का आरोप है कि इसी शिकायत के निस्तारण के नाम पर नगर पंचायत कुसमरा के बाबू आकाश ने उसे दोपहर करीब 2:45 बजे ओमप्रकाश माली की बगिया, वार्ड नंबर-3 पर बुलाया। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद ईओ संजीव कुमार राय, बाबू आकाश और कई अन्य लोगों ने एकजुट होकर पीड़ित पर हमला बोल दिया।
पीड़ित रामकुमार का कहना है कि आरोपियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, उसकी गर्दन दबाकर जान से मारने की कोशिश की और खुलेआम जान से खत्म करने की धमकी दी। इतना ही नहीं, साथ आई महिलाओं सुनीता और सोनी के साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की गई। घटना के दौरान दीपांशु नामक युवक पर पीड़ित की जेब से 2500 रुपये निकाल लेने का भी आरोप है।
वही पीड़ित ने यह भी दावा किया कि बाबू आकाश पहले से ही उस पर हरिजन एक्ट में फंसाने की धमकी दे रहा था और लगातार समझौते का दबाव बनाया जा रहा था।पीड़ित ने बताया कि वह पहले भी मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, जिलाधिकारी और एसपी को कई बार शिकायत दे चुका है, लेकिन हर बार उसे दबाव में लाकर समझौते के लिए मजबूर करने की कोशिश की गई।हैरानी की बात यह है कि इतनी गंभीर घटना की सूचना थाने में देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।पीड़ित ने मांग की है कि मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर आरोप पर क्या कदम उठाता है या फिर पीड़ित को यूं ही न्याय के लिए दर-दर भटकना पड़ेगा।
मामले को लेकर पंचायत पर तैनात बाबू आकाश और नगर पंचायत के ईओ संजय राव से बात की गई तो उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना था की जिसके खिलाफ शिकायत की गई थी उससे शिकायतकर्ता का झगड़ा हुआ होगा। जबकि शिकायत की जांच करने के लिए मैं मौके पर गया था लड़ाई झगड़ा जैसी कोई बात नहीं थी। शिकायतकर्ता द्वारा जो नगर पंचायत के कर्मचारियों पर आरोप लगाए जा रहे हैं वह निराधार हैं।











Users Today : 1
Users This Year : 17442
Total Users : 30035
Views Today : 1
Total views : 59519