इलिया (चंदौली) जनपद के इलिया थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इलिया पुलिस ने एक अंतरराज्यीय इनामी गो-तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर चंदौली और सोनभद्र जनपद में कुल 75 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में जनपद में अपराध और गो-तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चतुर्वेदी व क्षेत्राधिकारी रघुराज के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी चन्दन कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम को यह कामयाबी मिली।
आठ अप्रैल 2026 को सघन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नवदीया माइनर तिराहा के पास घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भगवान यादव पुत्र रामलाल यादव, निवासी ग्राम मिर्जापुर, थाना चैनपुर, जिला भभुआ (बिहार) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से .315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक मिस कारतूस और रेडमी कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी भगवान यादव पर थाना नौगढ़ (चंदौली) से 50 हजार रुपये और थाना रायपुर (सोनभद्र) से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी।
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा है। उसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2022 से 2025 के बीच उसके खिलाफ कई केस दर्ज किए गए, जिससे उसकी सक्रिय आपराधिक भूमिका उजागर होती है।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह बिहार से आकर मजदूरी के बहाने इलाके में रहता था और मौका पाकर गो-तस्करी करता था। सुरक्षा के लिए वह अपने साथ अवैध तमंचा रखता था।
इस मामले में थाना इलिया पर आयुध अधिनियम की धारा 3/25(1-B) (A) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस आरोपी के अन्य सहयोगियों और नेटवर्क की भी तलाश में जुटी हुई है।
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक चन्दन कुमार राय, उपनिरीक्षक द्वारिका कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल बलवंत यादव समेत पुलिस टीम के कई जवान शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा, जिससे अपराध पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी











Users Today : 26
Users This Year : 11346
Total Users : 23939
Views Today : 60
Total views : 46956