बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के केन्द्रीय चिकित्सालय में दिनांक 07 अप्रैल 2026 को विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर महाप्रबंधक आशुतोष पंत के दिशा-निर्देशन तथा प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा० देवेश कुमार के कुशल नेतृत्व में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया ।
कार्यक्रम का शुभारम्भ करते हुए प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार ने अपने संबोधन में इस वर्ष की विश्व स्वास्थ दिवस की थीम “स्वास्थ्य के लिए एकजुट रहें, विज्ञान के साथ खड़े रहें” विषय पर व्याख्यान दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “स्वस्थ रहना जीवन का सबसे अनमोल उपहार है। आज के समय में जहाँ स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ रही है, वहीं भ्रांतियों और भ्रामक जानकारियों का प्रसार भी तेजी से हो रहा है, जिसके गंभीर दुष्परिणाम सामने आ रहे हैं।”

उन्होंने सभी को सचेत करते हुए कहा कि स्वास्थ्य से जुड़े विषयों में सदैव वैज्ञानिक तथ्यों और प्रमाणिक जानकारियों पर ही विश्वास करना चाहिए, ताकि निर्धारित मानकों के अनुरूप उचित उपचार प्राप्त कर हम सभी एक स्वस्थ और सुरक्षित जीवन जी सकें।
इस अवसर पर केंद्रीय चिकित्सालय की महिला एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रेक्षा पाण्डेय ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवाओं के महत्व पर एक प्रभावशाली व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम एवं समय-समय पर स्वास्थ्य जांच को बेहतर जीवन के आधार स्तंभ बताया।
वहीं वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी एवं फिजिशियन डॉ. मिन्हाज अहमद ने उपस्थित जनों को स्वास्थ्य शिक्षा से अवगत कराते हुए दैनिक जीवन में अपनाई जाने वाली सरल एवं प्रभावी स्वास्थ्य आदतों पर प्रकाश डाला, जिससे सभी स्वस्थ और जागरूक जीवन की ओर अग्रसर हो सकें।
इस अवसर पर स्वास्थ्य जागरूकता हेतु पापुलर नर्सिंग इंस्टीट्यूट के विद्यार्थियों ने असिस्टेंट प्रोफेसर किरण श्रीनिवास के दिशा-निर्देशन में “स्वास्थ्य के लिए एकजुटता तथा आधुनिक चिकित्सा के वैज्ञानिक आधार” विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया ।
इस स्वास्थ्य कार्याशाला में मुख्य नर्सिंग सुपरीटेन्डेन्ट कमला श्रीनिवासन, चंद्रकला राव, सीता कुमारी सिंह, एलिस कुजूर, आरती, उषा जैसल, संजूलता गौतम, कार्यालय अधीक्षक, राजेश कुमार, देवता नन्द तिवारी, ईसीजी टेक्नीशियन दुर्गेश नन्दन श्रीवास्तव, हास्पिटल अटेन्डेन्ट शकुंतला देवी, निर्मला देवी, उर्मिला देवी, फूला देवी एवं संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में कर्मचारीगण उपस्थित रहे।











Users Today : 38
Users This Year : 11177
Total Users : 23770
Views Today : 108
Total views : 46594