चंन्दौली बबुरी कस्बे में दिनदहाड़े हुई बाइक चोरी की घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध चोर की तस्वीर होने के बावजूद करीब 18 दिन बाद भी पुलिस आरोपी तक नहीं पहुंच पाई है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ज्ञात हो कि कस्बे के सब्जी विक्रेता रामजी मौर्य की बाइक (लुना) 19 फरवरी को उनकी दुकान के सामने से दिनदहाड़े चोरी हो गई। चोर बेखौफ तरीके से बाजार में आया और कुछ ही मिनटों में लुना बाइक लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना पीड़ित द्वारा बबुरी थाने में दी गई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू करने का दावा किया।
मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस के पास एक संदिग्ध चोर की सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है। इसके बावजूद 18 दिन बीत जाने के बाद भी न तो चोर पुलिस के हाथ लग पाया है और न ही चोरी गई बाइक की बरामदगी हो सकी है। इससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
लोगों का कहना है कि जब पुलिस के पास संदिग्ध की तस्वीर तक मौजूद है, तब भी उसे पकड़ने में इतनी देरी होना समझ से परे है। लोगों का आरोप है कि पुलिस मामले में सिर्फ कागजी कार्रवाई तक ही सीमित है और असली कार्रवाई कहीं नजर नहीं आ रही।
कस्बे के लोगों ने तंज कसते हुए कहा कि बबुरी पुलिस से ज्यादा हाईटेक तो चोर साबित हो रहे हैं, जो पुलिस के पास सीसीटीवी फुटेज होने के बावजूद उसकी पकड़ से दूर हैं। वहीं लोगों का यह भी कहना है कि अगर जल्द ही चोर को गिरफ्तार कर बाइक बरामद नहीं की गई तो इससे क्षेत्र में पुलिस की साख पर और सवाल खड़े होंगे।
कस्बे के लोगो ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी गई बाइक की बरामदगी की मांग की है। उनका कहना है कि अगर दिनदहाड़े हुई चोरी का खुलासा नहीं हो पा रहा है तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक है।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी











Users Today : 28
Users This Year : 23970
Total Users : 36563
Views Today : 76
Total views : 71892