चंदौली।
जनपद के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सहजौर गांव में शनिवार की देर रात पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। हाईवे किनारे बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर चार युवकों को गोली मार दी। सभी घायलों को गंभीर हालत में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां एक युवक की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है।
सुबह के विवाद ने लिया खौफनाक मोड़
जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के पुरवा गांव निवासी गोलू यादव (26) सहजौर गांव में अपने मामा जयप्रकाश यादव के यहां रहकर काम करता था। शनिवार सुबह गांव में किसी बात को लेकर उसका कुछ लोगों से विवाद हुआ था।
बताया जा रहा है कि यही विवाद देर रात खूनी संघर्ष में बदल गया। देर रात गांव के ही एक युवक ने गोलू यादव पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
बीच-बचाव करने पहुंचे युवक भी बने निशाना
फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे सोनू यादव, कृष्णा यादव और अक्षय यादव भी हमलावरों की गोली का शिकार हो गए। हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को निजी वाहन से वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक तीन युवकों की हालत स्थिर है, जबकि गोलू यादव की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, दबिश जारी
घटना की सूचना मिलते ही मुगलसराय कोतवाली पुलिस के साथ कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और ग्रामीणों से पूछताछ की। आरोपी के घर पर भी दबिश दी गई, लेकिन वह फरार बताया जा रहा है।
सीओ का बयान
क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि तीन लोगों को गोली लगने की पुष्टि हुई है। सभी घायलों का इलाज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। आरोपी की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।










Users Today : 66
Users This Year : 23677
Total Users : 36270
Views Today : 137
Total views : 71240