गोरखपुर/लखनऊ, 1 मार्च 2026: जनपद गोरखपुर के थाना बांसगांव अंतर्गत वरिष्ठ पत्रकार अग्निवेश सिंह की निर्मम हत्या के मामले में परिजनों और पत्रकार साथियों ने मुख्यमंत्री से न्याय की अपील की है। बीते 27 फरवरी को दबंगों द्वारा लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर पत्रकार की हत्या कर दी गई थी, जिसमें उनके वृद्ध माता-पिता भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
प्रशासनिक शिथिलता पर उठे सवाल:
परिजनों का आरोप है कि पीड़ित परिवार 1 नवंबर 2023 से ही अवैध कब्जे की शिकायत तहसील प्रशासन से कर रहा था। लेखपाल और कानूनगो की रिपोर्ट के बावजूद स्थानीय पुलिस और राजस्व अधिकारियों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। अधिकारियों की इसी लापरवाही ने अपराधियों के हौसले बुलंद किए, जिसका परिणाम एक होनहार पत्रकार की हत्या के रूप में सामने आया।
मुख्य आरोपी अब भी गिरफ्त से बाहर:
घटना के मुख्य आरोपी प्रिंस सिंह, जो पहले भी हत्या के मामलों में संलिप्त रहा है, समेत नामजद आरोपी (संजय सिंह, सौरभ सिंह, पूनम सिंह और हिमांशु) अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। चर्चा है कि आरोपी सौरभ सिंह गिरफ्तारी से बचने के लिए फर्जी मेडिकल बनवाकर अस्पताल में शरण ले रहा है।
पत्रकार समाज की मांगें:
सभी नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कर उन पर गैंगस्टर एक्ट लगाया जाए।
मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कर दोषियों को मृत्युदंड दिलाया जाए।
2023 से शिकायत लंबित रखने वाले दोषी पुलिस और राजस्व अधिकारियों को तत्काल निलंबित किया जाए।
पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता और सुरक्षा प्रदान की जाए।
पत्रकार साथियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी और लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे प्रदेश व्यापी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर यह हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रिपोर्ट – जगदीश शुक्ला










Users Today : 7
Users This Year : 23703
Total Users : 36296
Views Today : 10
Total views : 71276