सरकारी बंजर भूमि पर अवैध निर्माण का आरोप, उपजिलाधिकारी से जांच की मांग

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

प्रयागराज,  तहसील बारा क्षेत्र के ग्राम सभा सुरवल साहनी में सरकारी बंजर भूमि पर अवैध निर्माण का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में ग्राम बघोला खेरहट खुर्द जारी निवासी रणविजय सिंह पुत्र रमेश सिंह ने उपजिलाधिकारी बारा को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।

प्रार्थना पत्र में शिकायतकर्ता ने बताया कि तहसील बारा अंतर्गत ग्राम सभा सुरवल साहनी की आराजी संख्या 77 व 78 को गृह मंत्रालय, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा पुलिस थाना निर्माण हेतु पुनर्ग्रहित किया गया है। यह भूमि राजस्व अभिलेखों में सरकारी बंजर के रूप में दर्ज है और भविष्य में थाना निर्माण के लिए सुरक्षित की गई है। इसके बावजूद ग्राम सभा के कुछ दबंग किस्म के लोगों द्वारा उक्त भूमि पर अवैध रूप से पक्का निर्माण कराया जा रहा है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और यदि समय रहते प्रशासन द्वारा रोकथाम नहीं की गई तो सरकारी भूमि पर स्थायी अतिक्रमण हो जाएगा, जिससे शासन की मंशा और प्रस्तावित पुलिस थाना निर्माण कार्य प्रभावित हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि अवैध निर्माण से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था संबंधी समस्याएं उत्पन्न होने की आशंका है।

रणविजय सिंह ने उपजिलाधिकारी से मांग की है कि राजस्व व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर स्थलीय निरीक्षण कराया जाए तथा अभिलेखों की जांच कर अवैध निर्माण को तत्काल प्रभाव से रुकवाया जाए। साथ ही दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने का साहस न कर सके।

ग्रामीणों के बीच भी इस मामले को लेकर चर्चा का माहौल है। कई लोगों का कहना है कि यदि यह भूमि वास्तव में थाना निर्माण के लिए आरक्षित है तो प्रशासन को सख्ती दिखानी चाहिए। वहीं कुछ ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

अब देखना यह होगा कि तहसील प्रशासन इस शिकायत पर कितनी शीघ्रता से संज्ञान लेता है और सरकारी भूमि की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

 

रिपोर्ट –  सुरेश कुमार शर्मा

 

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

अपना घर आश्रम वाराणसी दिनांक 5 अप्रैल 2026 को अपना घर आश्रम गेल द्वारा पीएनजी गैस द्वारा संचालित कुकिंग सिस्टम को गेल के कार्यकारी निदेशक श्री एच के. गर्ग एवं महाप्रबंधक श्री सुशील कुमार जी के कर कमल द्वारा शुभारंभ किया गया।