
चन्दौली डीडीयू नगर में लगातार बढ़ रही चोरी, छिनैती और उचक्कागिरी की घटनाओं ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले स्तर पर कानून व्यवस्था मजबूत करने के प्रयासों के बावजूद निचले स्तर पर लापरवाही के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद दिखाई दे रहे हैं। ताजा मामला मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के पीडीडीयू नगर का है, जहां लंबे समय से वीआईपी गेट पर पुलिस पिकेट की मांग उठ रही है। पिकेट न होने के कारण क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, चंदौली से वाराणसी जा रहे एक बुजुर्ग दंपति ऑटो में सवार हुए थे। आरोप है कि सफर के दौरान ऑटो चालक ने उनकी जेब से 20 हजार रुपये नकद और एक सोने की अंगूठी पार कर दी। वारदात की जानकारी होने पर दंपति ने इसकी शिकायत की, जिससे इलाके में दहशत और नाराजगी का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वीआईपी गेट पर पुलिस पिकेट हटने के बाद से छिनैती, उचक्कागिरी, टप्पेबाजी और राहजनी जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पहले अवैध ऑटो स्टैंड संचालन और निजी लड़कों से वसूली की शिकायतों पर आईजी द्वारा औचक निरीक्षण किया गया था, जिसके बाद जनपद भर में अवैध पार्किंग वसूली बंद करा दी गई। वसूली बंद होने के बाद कूड़ा बाजार चौकी की पिकेट भी हटा ली गई, जिसका सीधा असर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर पड़ा है।
अब क्षेत्रवासियों की मांग है कि वीआईपी गेट पर तत्काल पुलिस पिकेट पुनः बहाल की जाए, ताकि बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर रोक लग सके। लोगों की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि क्या पुलिस पिकेट फिर से लगेगी या मामला ठंडे बस्ते में चला जाएगा।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी









Users Today : 5
Users This Year : 24234
Total Users : 36827
Views Today : 6
Total views : 72380