उत्तर प्रदेश स्थित गाजियाबाद के थाना टीला मोड़ क्षेत्र की भारत सिटी सोसायटी में एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. यहां तीन सगी बहनों ने एक साथ आत्महत्या कर ली. घटना देर रात करीब 2 बजे की है. भारत सिटी के बी 1 टावर की नौवीं मंजिल से 16 वर्षीय निशिका, 14 वर्षीय प्राची और 12 वर्षीय पाखी ने कूदकर अपनी जान दे दी।
पुलिस के मुताबिक फ्लैट नंबर 907 में रहने वाली तीनों बहनें ऑनलाइन गेमिंग की आदी थीं. परिवार के मना करने पर तीनों ने यह घातक कदम उठाया. परिजनों का कहना है कि तीनों बहनें पिछले करीब दो साल से स्कूल भी नहीं जा रही थीं और ज्यादातर समय मोबाइल गेम खेलने में बिताती थीं.
पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना से पहले रात करीब 2 बजे तीनों बहनों ने कमरे को अंदर से बंद किया. इसके बाद स्टूल लगाया और बालकनी से नीचे कूद गईं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को तत्काल लोनी के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
»› पुलिस को मिला 8 पन्नों का सुसाइड नोट_
मौके से पुलिस को एक पॉकेट डायरी मिली है, जिसमें आठ पन्नों का सुसाइड नोट लिखा हुआ है. सुसाइड नोट में तीनों बहनों ने अपने गेम और अन्य मोबाइल गतिविधियों का जिक्र किया है. लिखा गया है कि उन्हें गेम से बहुत प्यार है और वे गेम नहीं छोड़ सकतीं. सुसाइड नोट के अंत में पापा आई एम सॉरी लिखा हुआ है।
पुलिस के अनुसार गेम में बीच वाली बहन प्राची बॉस की भूमिका में थी. तीनों बहनें खाना खाने से लेकर रोजमर्रा के सभी काम एक साथ किया करती थीं।
उधर, नाबालिगों के पिता ने कहा, ‘उन्होंने मुझसे कहा था, ‘पापा, हम कोरियन नहीं छोड़ सकते. कोरियन हमारी ज़िंदगी है. कोरियन हमारे लिए सब कुछ है. आप हमें इससे अलग नहीं कर सकते. हम अपनी जान दे देंगे.’ मैंने अभी सुसाइड नोट देखा है. यह बहुत दुखद है. मैं सभी माता-पिता से अपील करता हूं कि वे सावधान रहें और यह पक्का करें कि बच्चे गेम्स से इतने गहरे से न जुड़ें।
»› Ghaziabad Case में क्या बोली पुलिस?_
SSP शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि रात करीब 2 15 बजे सूचना प्राप्त हुई थी कि भारत सिटी में टावर बी 1 की नौवीं मंजिल की बालकनी से तीन बच्चियां कूद गई हैं. मौके पर पहुंचने पर तीनों बच्चियों की गिरने से मौत हो चुकी थी. तीनों को अस्पताल लोनी भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उन्होंने बताया कि मामले में अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
ट्रांस हिंडन के डीसीपी निमिश पाटिल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्चियां कोरियन कल्चर से प्रभावित थीं. फिलहाल किसी तरह के टास्क या गेम से जुड़े होने की कोई जानकारी नहीं मिली है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आगे की कार्रवाई सबूतों के आधार पर की जाएगी. बताया जा रहा है कि कुछ दिनों से परिवार ने मोबाइल इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया था. आत्महत्या की सही वजह क्या है, इसकी जांच की जा रही है. सुसाइड नोट में कोरियन कल्चर का जिक्र है. यह भी सामने आया है कि एक बच्ची पिछले दो साल से स्कूल नहीं जा रही थी और पढ़ाई में कमजोर होने के कारण अधिकतर घर पर ही रहती थी।
वहीं सोसायटी की आरडब्ल्यूए के सदस्य राहुल ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि ऑनलाइन गेमिंग की वजह से तीनों बहनों ने आत्महत्या की है. फिलहाल पुलिस मौके पर मौजूद है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
रिपोर्टर – जगदीश शुक्ला









Users Today : 81
Users This Year : 10953
Total Users : 23546
Views Today : 144
Total views : 46173