वाराणसी
अमेरिका का लोकप्रिय खेल पिकलबॉल अब काशी में भी खेला जाएगा। नगर निगम की ओर से इसके लिए शहर में चार स्थानों का चयन किया गया है, जहां गेमिंग जोन में पिकलबॉल कोर्ट विकसित किए जाएंगे। इसके लिए रूपरेखा तैयार की जा रही है और जल्द ही कार्य शुरू होने की संभावना है।
प्रस्तावित स्थलों में सिगरा और लालपुर स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम के साथ-साथ नदेसर तालाब क्षेत्र एवं आईपी विजया के पास गेमिंग जोन शामिल हैं। यहां बनने वाले कोर्ट में पिकलबॉल के साथ आम जनता के लिए कई फन एक्टिविटी भी उपलब्ध होंगी, जिससे खेल और फिटनेस को बढ़ावा मिलेगा।
स्पोर्ट्स एंड फिटनेस इंडस्ट्री एसोसिएशन (SFIA) के अनुसार, अमेरिका में पिकलबॉल की लोकप्रियता बीते तीन वर्षों में 223.5 प्रतिशत तक बढ़ी है। वहीं, प्रमुख शहरों में पिछले सात वर्षों में आउटडोर पिकलबॉल कोर्ट की संख्या में 650 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। अमेरिका के 100 सबसे अधिक आबादी वाले शहरों में इसके 3,000 से ज्यादा कोर्ट मौजूद हैं।
भारत में पिकलबॉल की बढ़ती लोकप्रियता का कारण इसके सरल नियम, छोटे आकार का कोर्ट और कम लागत वाला उपकरण माना जा रहा है। यह खेल सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए सुलभ है और इसे सामुदायिक पार्क, होटल सहित विभिन्न स्थानों पर खेला जा सकता है।
गौरतलब है कि पिकलबॉल टेनिस, बैडमिंटन और टेबल टेनिस के तत्वों को मिलाकर बना एक आधुनिक पैडल गेम है। इसे बैडमिंटन के आकार के कोर्ट पर कम ऊंचाई वाले नेट के साथ ठोस पैडल और छिद्रित प्लास्टिक की गेंद से खेला जाता है। यह खेल सिंगल्स और डबल्स दोनों प्रारूपों में, इंडोर और आउटडोर, दोनों तरह से खेला जा सकता है।
रिपोर्ट – जगदीश शुक्ला










Users Today : 27
Users This Year : 17998
Total Users : 30591
Views Today : 32
Total views : 60698