चन्दौली दुल्हीपुर
इंडियन एसोसिएशन ऑफ फिजिक्स टीचर्स (IAPT) तथा होमी भाभा सेंटर फॉर साइंस एजुकेशन (HBCSE) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित नेशनल स्टैंडर्ड एग्जामिनेशन (NSE) विज्ञान ओलंपियाड 2025 में दुलहीपुर स्थित सनबीम स्कूल मुगलसराय के प्रतिभाशाली छात्र शशांक मौर्या ने उल्लेखनीय सफलता अर्जित कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। 23 नवंबर 2025 को आयोजित इस परीक्षा में कक्षा 12 (पीसीएम ग्रुप) के शशांक मौर्या का चयन नेशनल स्टैंडर्ड एग्जामिनेशन इन फिजिक्स (NSEP), नेशनल स्टैंडर्ड एग्जामिनेशन इन केमिस्ट्री (NSEC) एवं नेशनल स्टैंडर्ड एग्जामिनेशन इन एस्ट्रोनॉमी (NSEA) में हुआ है। इस सफलता के साथ ही शशांक अब भारतीय राष्ट्रीय ओलंपियाड (INO) के अगले चरण में प्रतिभाग करेंगे। शशांक मौर्या की यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुशासन तथा विद्यालय के शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन का परिणाम है। उनकी सफलता से विद्यालय तथा उनके परिवार में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण व्याप्त है।
नेशनल स्टैंडर्ड एग्जामिनेशन देश की सर्वाधिक प्रतिष्ठित ओलंपियाड चयन परीक्षाओं में से एक है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच, विश्लेषणात्मक क्षमता एवं विषयगत गहराई का मूल्यांकन किया जाता है।
इस परीक्षा में सफलता प्राप्त करना स्वयं में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो शशांक की प्रतिभा, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प को दर्शाती है।
इस अवसर पर विद्यालय के सचिव यदुराज कानूडिया और निदेशिका श्वेता कानूडिया ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा- कि शशांक मौर्या की यह उपलब्धि उसकी लगन, परिश्रम और जिज्ञासु प्रवृत्ति का सशक्त प्रमाण है। यह सफलता न केवल विद्यालय बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। हम उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।
वहीं इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या सौमिता चटर्जी ने छात्र को बधाई देते हुए कहा- कि नेशनल स्टैंडर्ड एग्जामिनेशन जैसे प्रतिष्ठित मंच पर शशांक की सफलता यह दर्शाती है कि हमारे विद्यार्थी वैश्विक स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए पूरी तरह सक्षम हैं। हम आशा करते हैं कि वह आगामी ओलंपियाड चरणों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।
इस अवसर पर विद्यालय की एडिशनल डायरेक्टर श्रुति अग्रवाल , उप- प्रधानाचार्य राम प्रताप सिंह , डीन उदय भानु रॉय , कोऑर्डिनेटर राजेश सिन्हा व मनीष पांडे , हेड पेस्टोरल गाइड गुंजन सिंह, सहित समस्त शिक्षकों ने शशांक मौर्या की इस ऐतिहासिक सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके आगामी प्रयासों के लिए शुभकामनाएँ दीं।









Users Today : 35
Users This Year : 18622
Total Users : 31215
Views Today : 94
Total views : 62087