वाराणसी, 20 अगस्त 2026
केंद्रीय विद्यालय संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी द्वारा आयोजित आंचलिक राष्ट्रीय एकता पर्व – ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ एवं कला उत्सव–2026 का शुभारंभ केंद्रीय विद्यालय, काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिसर, वाराणसी के तत्वावधान में पं. ओंकारनाथ ठाकुर ऑडिटोरियम, संगीत एवं मंच कला संकाय, काशी हिंदू विश्वविद्यालय में गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।
इस प्रतिष्ठित आंचलिक स्तर के कार्यक्रम के आयोजन का दायित्व केंद्रीय विद्यालय संगठन, वाराणसी संभाग द्वारा केंद्रीय विद्यालय, काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिसर को सौंपा गया है। इस आयोजन में केंद्रीय विद्यालय संगठन के पाँच संभागों—जबलपुर, आगरा, लखनऊ, वाराणसी एवं राँची संभाग—के विद्यार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं।

इस प्रतियोगिता में पाँचों संभागों से 31 अनुरक्षक, 113 छात्राएँ तथा 178 छात्र, अर्थात कुल 291 विद्यार्थी सम्मिलित हो रहे हैं। विभिन्न संभागों से आए विद्यार्थी अपनी-अपनी क्षेत्रीय सांस्कृतिक विरासत, कला, संगीत, नृत्य एवं विविध प्रतिभाओं का प्रदर्शन करते हुए ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार कर रहे हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विविधता के प्रति सम्मान, पारस्परिक सद्भाव तथा भारतीय कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन की भावना विकसित करना है। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के विभिन्न क्षेत्रों की कला, संस्कृति, परंपराओं एवं जीवन-मूल्यों को जानने और समझने का अवसर प्राप्त हो रहा है।

उद्घाटन समारोह में डॉ. सुकृति रेवानी, उपायुक्त, केंद्रीय विद्यालय संगठन, वाराणसी संभाग, डॉ. राजन श्रीवास्तव, कुलसचिव, काशी हिंदू विश्वविद्यालय तथा प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी, कुलपति, काशी हिंदू विश्वविद्यालय सहित केंद्रीय विद्यालय संगठन एवं काशी हिंदू विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं वंदे मातरम् से हुआ। इसके उपरांत दीप प्रज्वलन, माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं सरस्वती वंदना, स्वागत उद्बोधन, स्वागत गीत, उद्घाटन संबोधन तथा विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। समूह नृत्य सहित मनोहारी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत एवं आकर्षक बना दिया।
विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार सिंह ने समारोह में पधारे सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया तथा कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से संपन्न किया गया। उप प्राचार्य द्वय आशुतोष पांडे एवं शैलेम कुमार ने भी कार्यक्रम की तैयारियों, समन्वय एवं व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग प्रदान करते हुए आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

यह आयोजन ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की उस मूल भावना को सशक्त करता है, जिसमें भारत की विविध भाषाओं, संस्कृतियों, परंपराओं एवं कलाओं के बीच एकता, समन्वय और राष्ट्रीय गौरव की भावना निहित है। पाँचों संभागों के विद्यार्थियों की सहभागिता इस बात का सशक्त संदेश देती है कि विविधता में एकता ही भारत की वास्तविक शक्ति है।
केंद्रीय विद्यालय संगठन, वाराणसी संभाग के मार्गदर्शन में केंद्रीय विद्यालय, काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिसर द्वारा इस आंचलिक आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियाँ की गई हैं। 291 विद्यार्थियों एवं 31 अनुरक्षकों की सहभागिता वाला यह आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा के प्रदर्शन के साथ-साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान, राष्ट्रीय एकता एवं आपसी सद्भाव को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच बन रहा है।












Users Today : 36
Users This Year : 23978
Total Users : 36571
Views Today : 103
Total views : 71919