वाराणसी
लंका थाना अंतर्गत वार्ड नंबर 23 के गायत्री नगर क्षेत्र में सड़क निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। क्षेत्र में डूडा की ओर से सड़क निर्माण का कार्य कराया जा रहा है, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि मुख्य मार्ग की अनदेखी करते हुए बगल की सर्विस रोड पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
क्षेत्रीय निवासी एवं बूथ अध्यक्ष छोटू पटेल ने बताया कि यह मुख्य मार्ग बेहद महत्वपूर्ण है। इस रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे आवागमन करते हैं। यही मार्ग संत रविदास मंदिर, गढ़वाघाट और आगे नेशनल हाईवे को जोड़ता है। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति के कारण स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्रीय पार्षद और नागरिकों ने सड़क की समस्या से संबंधित वीडियो और जानकारी नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को व्हाट्सऐप के माध्यम से भी उपलब्ध कराई थी। इसके बावजूद मुख्य मार्ग पर अब तक कार्य शुरू नहीं हुआ है, जबकि बगल की सर्विस रोड पर निर्माण कराया जा रहा है। इसको लेकर क्षेत्रीय लोगों में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर मुख्य मार्ग को छोड़कर सर्विस रोड को प्राथमिकता क्यों दी जा रही है।
छोटू पटेल ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। उनका दावा है कि लगभग रोजाना दो से तीन टोटो पलट जाते हैं, जिससे उनमें सवार यात्रियों को चोटें आती हैं। उन्होंने बताया कि इस समस्या से संबंधित जूनियर इंजीनियर को भी अवगत कराया गया, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि अपेक्षित गंभीरता से कार्रवाई नहीं हुई।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि जब यह मार्ग कई महत्वपूर्ण स्थानों को जोड़ता है और प्रतिदिन हजारों लोग इसका इस्तेमाल करते हैं, तो प्राथमिकता के आधार पर पहले मुख्य मार्ग का निर्माण कराया जाना चाहिए।
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम से विनम्र अपील करते हुए मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेकर मुख्य मार्ग की स्थिति को दुरुस्त कराया जाए, ताकि स्कूली बच्चों, राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।












Users Today : 36
Users This Year : 23978
Total Users : 36571
Views Today : 103
Total views : 71919