वाराणसी
जिले की हर पात्र बेटी और बच्चे तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने गुरुवार को अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति, डिस्ट्रिक्ट चाइल्ड हेल्पलाइन यूनिट, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना एवं हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन की संयुक्त समीक्षा बैठक में डीएम ने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र बेटी या बच्चा योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज कुमार मिश्र ने विभागीय योजनाओं की प्रगति का पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
100% पात्र बेटियों को मिले कन्या सुमंगला योजना का लाभ
डीएम ने निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पंजीकृत सभी पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार कर उन्हें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से शत-प्रतिशत जोड़ा जाए, ताकि हर पात्र बेटी को योजना का लाभ मिल सके।
पात्र बच्चों को तत्काल मिले मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना का लाभ
जिलाधिकारी ने कहा कि स्पॉन्सरशिप योजना के तहत जिन पात्र बच्चों को धनराशि नहीं मिल रही है, उनकी सूची तैयार कर उन्हें मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना से तत्काल आच्छादित किया जाए।
भिक्षावृत्ति और बाल श्रम के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान
डीएम ने रेलवे स्टेशन, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर भीख मांगने व कूड़ा बीनने वाले बच्चों का तत्काल रेस्क्यू कर उनके संरक्षण और पुनर्वास के निर्देश दिए। साथ ही दत्तक ग्रहण के लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कर पात्र बच्चों को विधिक रूप से दत्तक ग्रहण के लिए मुक्त घोषित करने पर भी जोर दिया।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र बच्चे और महिला तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाने तथा बाल संरक्षण एवं महिला सशक्तिकरण के मामलों में पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।










Users Today : 39
Users This Year : 23650
Total Users : 36243
Views Today : 96
Total views : 71199