सावन में श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि: दशाश्वमेध थाना प्रभारी संतोष सिंह व दशाश्वमेध चौकी प्रभारी अनुज मणि त्रिपाठी का पैदल गश्त, अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

वाराणसी

सावन माह में बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन-पूजन के लिए प्रतिदिन उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए वाराणसी पुलिस सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में दशाश्वमेध थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह एवं दशाश्वमेध चौकी प्रभारी अनुज मणि त्रिपाठी ने पुलिस बल के साथ गोदौलिया चौराहे से दशाश्वमेध घाट तक पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया।

पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने पूरे मार्ग का बारीकी से जायजा लिया और सड़क व फुटपाथ पर दुकान लगाकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी। उन्हें स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि सार्वजनिक मार्ग पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें, ताकि श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की आवाजाही निर्बाध बनी रहे।

पुलिस ने कहा कि सावन के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के काशी आगमन को देखते हुए प्रत्येक मार्ग को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी ने स्थानीय दुकानदारों, व्यापारियों और क्षेत्रीय नागरिकों से संवाद कर प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा केवल पुलिस की नहीं, बल्कि समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।

सभी के सहयोग से ही श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सकती है।गश्त के दौरान पुलिस टीम ने संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौराहों और घाट मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही अव्यवस्थित पार्किंग, अनावश्यक भीड़ और यातायात बाधित करने वाले तत्वों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

दशाश्वमेध थाना प्रभारी संतोष सिंह ने कहा कि सावन के प्रत्येक सोमवार और अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। अतिक्रमण, यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं दशाश्वमेध चौकी प्रभारी अनुज मणि त्रिपाठी ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।सावन के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित दर्शन-पूजन का वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस का यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

 

रिपोर्ट: विजयलक्ष्मी तिवारी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई