9 अगस्त को होगा रेलवे कर्मचारियों का विशाल जन कन्वेंशन, निजीकरण पर रोक और पुरानी पेंशन बहाली की उठी मांग

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

चन्दौली

पूर्व मध्य रेलवे के प्लांट डिपो, डीडीयू में ईस्ट सेंट्रल रेलवे इम्प्लाइज यूनियन (ECREU/IREF-AICCTU संबद्ध) की कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई।

बैठक में रेलवे कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों पर चर्चा करते हुए 9 अगस्त 2026 को प्रस्तावित “निजीकरण भारत छोड़ो” विशाल जन कन्वेंशन को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई।

बैठक की शुरुआत संगठन के वरिष्ठ साथी दिवंगत कॉमरेड आर.एन. ठाकुर को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद संगठन के केंद्रीय संगठन सचिव एवं IREF के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एस.के. शर्मा ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए रेलवे के निजीकरण पर रोक लगाने, पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने, नई पेंशन योजना (NPS) एवं यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) को समाप्त करने, आठवें वेतन आयोग का शीघ्र गठन करने तथा सातवें वेतन आयोग के अनुरूप बोनस देने की मांग उठाई।

उन्होंने कहा कि 9 अगस्त का जन कन्वेंशन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कर्मचारी एकता, अधिकारों और स्वाभिमान की लड़ाई का महत्वपूर्ण मंच होगा। उन्होंने सभी रेल कर्मचारियों से जाति, धर्म और पद से ऊपर उठकर बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सरकार कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो सभी कर्मचारी संगठन संयुक्त रूप से आगे की रणनीति तय करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन भी किया जाएगा।

बैठक में प्लांट डिपो सचिव चंद्रिका यादव, कार्यकारी अध्यक्ष अभिराम कुमार, कोषाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, उपाध्यक्ष सीमा देवी, संयुक्त सचिव प्रभात कुमार सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।

संगठन ने सभी कर्मचारियों से 9 अगस्त के जन कन्वेंशन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर कर्मचारी हितों की आवाज बुलंद करने की अपील की।

 

रिपोर्ट – आलिम हाशमी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई