श्रावण कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन सख्त, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने किया मार्ग का निरीक्षण

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

मीरजापुर

आगामी श्रावण मास में कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। श्रद्धालुओं की जन सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजक कौशिक ने अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा मार्ग का सघन निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मड़िहान से कलवारी मार्ग होते हुए घोरावल शिवमंदिर तक जाने वाले पूरे मार्ग का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान बीच में रुककर सड़कों की स्थिति देखी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मार्ग को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। मार्ग में पड़ने वाले नहर के पुल पर दोनों तरफ बैरिकेडिंग लगाने का आदेश दिया गया।

इसके बाद दोनों अधिकारियों ने मीरजापुर सोनभद्र बार्डर पर ग्राम धुरकर में बकहर नदी पर स्थित पुल और रपटे का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अधिक वर्षा होने पर यदि पुल पर पानी बढ़ता है तो कांवड़ियों को सुरक्षित ठहराने की व्यवस्था की जाए। वहां प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

यदि पानी अधिक देर तक नहीं उतरता है तो धुरकर ग्राम पंचायत में पुल से पहले बकसरा गांव और मोहल्ले होते हुए दूसरे पुल से वैकल्पिक मार्ग से कांवड़ियों को सुरक्षित निकाला जाए। अधिकारियों ने बकसरा गांव होते हुए घोरावल मार्ग तक पैदल चलकर पहुंच मार्ग का भी निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रियों के निर्बाध आवागमन, सुरक्षा और जन सुविधा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। यदि कहीं कोई समस्या आती है तो तत्काल कार्रवाई कर समाधान कराया जाए।

बताते चलें कि मीरजापुर नगर के बरियाघाट से कांवड़ श्रद्धालु गंगा जल लेकर घोरावल स्थित शिवद्वार मंदिर में जलाभिषेक के लिए जाते हैं। इसी परंपरागत मार्ग का प्रशासन ने निरीक्षण किया है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए पूरे मार्ग पर उपयुक्त स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती की जाए। मार्ग डायवर्जन की स्थिति में साइनेज बोर्ड लगाए जाएं। कांवड़ियों के रुकने वाले स्थानों और शिविर स्थलों पर पार्किंग, साफ सफाई, स्वास्थ्य सुविधा और प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मड़िहान संतोष कुमार ओझा, अधिशासी अभियंता विद्युत, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग, खंड विकास अधिकारी पटेहरा और राजगढ़ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

रिपोर्ट भोलानाथ यादव

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

वामा सारथी के तत्वावधान में हरियाली तीज कार्यक्रम के अंतर्गत पुलिस लाइन मीरजापुर में मेहंदी, लोकगीत एवं भजन-लोक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को किया गया पुरस्कृत —