वाराणसी
वाराणसी कैंट विधानसभा विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने प्रत्येक मंगलवार की भाँति रामनगर के बटाऊबीर स्थित श्यामा उपवन में जनसुनवाई कर क्षेत्रवासियों की समस्याएँ सुनीं। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर पहुँचे।
इस दौरान भीटी क्षेत्र में सड़क पर जलभराव, रामपुर वार्ड में सीवर निर्माण के कारण क्षतिग्रस्त सड़क, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, बिजली के पोल हटाने, नई सड़क निर्माण सहित अन्य जनसमस्याएँ प्रमुख रूप से उठाई गईं।
विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा प्रत्येक प्रकरण के शीघ्र एवं प्रभावी समाधान का आश्वासन दिया।

जनसुनवाई के दौरान गोलाघाट की एक महिला ने विधायक सौरभ श्रीवास्तव का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि लगभग दस दिन पूर्व उसने अपने बच्चों के इलाज के लिए ₹80,000 की आर्थिक सहायता का अनुरोध किया था। विधायक के प्रयासों से मुख्यमंत्री सहायता योजना के अंतर्गत उसे आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई, जिससे उसके
बच्चों के उपचार का मार्ग प्रशस्त हुआ।
विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण किया जाए।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










Users Today : 81
Users This Year : 23692
Total Users : 36285
Views Today : 156
Total views : 71259