शहाबगंज (चंदौली)
कानून-व्यवस्था की मजबूती के लिए पहचानी जाने वाली खाकी वर्दी का एक प्रेरणादायक और पर्यावरण हितैषी रूप रविवार को शहाबगंज थाने में देखने को मिला। थाना प्रभारी कृपेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना परिसर में वृहद वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित प्रत्येक पुलिसकर्मी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
अभियान के दौरान थाना परिसर में आम, अमरूद, नीम, नींबू, शीशम, सहजन और पीपल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। पौधारोपण के बाद सभी पुलिसकर्मियों ने इन पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनाने का भी संकल्प लिया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी कृपेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि “पुलिस की वर्दी केवल कानून की रक्षा का प्रतीक नहीं है, बल्कि समाज और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी परिचायक है। जिस समाज को हम सुरक्षित रखना चाहते हैं, उस धरती को हरा-भरा और स्वच्छ बनाए रखना भी हमारी खाकी का कर्तव्य है।”
उन्होंने कहा कि अपराध मुक्त समाज के साथ-साथ प्रदूषण मुक्त वातावरण भी एक बेहतर भविष्य की आधारशिला है। प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए। जब हर घर, हर गांव और हर सरकारी संस्थान हरियाली से आच्छादित होगा, तभी प्रकृति का संतुलन मजबूत होगा और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण मिल सकेगा।
थाना परिसर में आयोजित इस अभियान में उपनिरीक्षक प्रभुनाथ यादव, हेड कांस्टेबल प्रभाकर मौर्य, हेड कांस्टेबल बालकृष्ण मौर्य, कांस्टेबल चंद्रशेखर कुमार सहित थाने में तैनात सभी पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाए। कार्यक्रम में उपस्थित स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस सराहनीय पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।
शहाबगंज पुलिस ने यह संदेश दिया कि खाकी केवल अपराध पर अंकुश लगाने तक सीमित नहीं, बल्कि हरियाली बढ़ाकर आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की भी जिम्मेदारी निभा रही है।










Users Today : 70
Users This Year : 23681
Total Users : 36274
Views Today : 145
Total views : 71248