मीरजापुर
विशेष सचिव, राजस्व विभाग, उत्तर प्रदेश शासन दिव्या मित्तल ने अपने तीन दिवसीय जनपद भ्रमण के दूसरे दिन विश्वविख्यात मां विंध्यवासिनी धाम, विंध्याचल पहुंचकर विधिवत दर्शन-पूजन किया।
दर्शन-पूजन के उपरांत विशेष सचिव ने कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर वर्तमान कलेक्ट्रेट परिसर एवं चंदईपुर में प्रस्तावित नवीन कलेक्ट्रेट अनावासिय भवन के निर्माण के संबंध में बिंदुवार विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने प्रस्तावित भूमि की उपलब्धता, राजस्व अभिलेखों, पहुंच मार्ग, आधारभूत सुविधाओं, तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं सहित निर्माण कार्य से संबंधित सभी आवश्यक बिंदुओं की विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
विशेष सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नवीन कलेक्ट्रेट निर्माण की प्रक्रिया को शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्ता के साथ आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि परियोजना से जुड़े सभी आवश्यक अभिलेख एवं औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण करते हुए कार्ययोजना के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जनपद को आधुनिक सुविधाओं से युक्त नवीन कलेक्ट्रेट भवन उपलब्ध कराया जा सके।

बैठक के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों ने वर्तमान कलेक्ट्रेट परिसर की स्थिति तथा चंदईपुर में प्रस्तावित नवीन कलेक्ट्रेट निर्माण से संबंधित बिंदुओं पर विस्तार से प्रस्तुतीकरण देते हुए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई। विशेष सचिव ने विभिन्न पहलुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करते हुए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों को गति देने पर बल दिया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 विनोद कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी भू0/रा0 देवेंद्र प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजेता, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।










Users Today : 54
Users This Year : 19665
Total Users : 32258
Views Today : 138
Total views : 64021