मोतिहारी, दिनांक 08 जुलाई 2026
नगर निगम मोतिहारी की सशक्त स्थायी समिति की बैठक में समूचे नगर निगम क्षेत्र में बेहतर एवं प्रभावी साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, एलईडी स्ट्रीट लाइटों के सुचारु संचालन, वर्षा ऋतु को देखते हुए जल-निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, विभिन्न चौक-चौराहों पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण, सार्वजनिक एवं पिंक शौचालयों के निर्माण एवं संचालन तथा नगर निगम क्षेत्र में साइनेज अधिष्ठापन सहित विभिन्न जनहित से जुड़े विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी वार्डों में नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण साफ-सफाई, समय पर कूड़ा उठाव एवं झाड़ू कार्य सुनिश्चित किया जाएगा तथा कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित स्वच्छता निरीक्षक, वार्ड जमादार एवं कार्यदायी एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही खराब एवं बंद पड़ी एलईडी स्ट्रीट लाइटों की शीघ्र मरम्मत कर उन्हें सुचारु रूप से चालू कराने, जल-जमाव वाले क्षेत्रों में त्वरित जल-निकासी सुनिश्चित करने तथा मुख्य नालों एवं गली-मोहल्लों की नालियों की नियमित सफाई कराने का निर्णय लिया गया।

बैठक में महापुरुषों की प्रतिमाओं के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण हेतु लंबित प्राक्कलन शीघ्र उपलब्ध कराने, सार्वजनिक एवं पिंक शौचालयों की लंबित योजनाओं का एग्रीमेंट पूर्ण कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने, गांधी चौक के समीप एक सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराने तथा नव-निर्मित शौचालयों को आवश्यक औपचारिकताएँ पूर्ण कर जन-उपयोग हेतु संचालित करने का भी निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त नगर निगम क्षेत्र में साइनेज अधिष्ठापन से संबंधित सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाएँ शीघ्र पूर्ण कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य प्रारंभ एवं पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि लिए गए सभी निर्णयों एवं पूर्व में पारित प्रस्तावों का गंभीरतापूर्वक अनुपालन सुनिश्चित करते हुए सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए। किसी भी स्तर पर कार्य में अनावश्यक विलंब, लापरवाही अथवा उदासीनता पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी एवं कार्यदायी एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी, ताकि नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित शहरी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें।









Users Today : 1
Users This Year : 24230
Total Users : 36823
Views Today : 2
Total views : 72376