रामपुर के शाहबाद क्षेत्र में आयोजित विशाल जनसभा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधते हुए अपनी सरकार की विकास, सुशासन और कानून-व्यवस्था की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश के हर वर्ग और हर क्षेत्र के लिए बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कर रही है, जबकि पूर्ववर्ती सरकारों ने तुष्टिकरण, परिवारवाद और जातिवाद की राजनीति को बढ़ावा देकर प्रदेश के विकास को बाधित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश बदल चुका है। प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है, अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है और आम नागरिक खुद को पहले से अधिक सुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले अपराधियों को संरक्षण मिलता था, लेकिन अब कानून तोड़ने वालों के लिए प्रदेश में कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार का एकमात्र उद्देश्य प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना और उत्तर प्रदेश को देश का सबसे विकसित एवं सुरक्षित राज्य बनाना है।
मुख्यमंत्री ने जनता से विकास और सुशासन की इस यात्रा में निरंतर सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पूरी पारदर्शिता, ईमानदारी और जनसेवा की भावना के साथ कार्य कर रही है तथा उत्तर प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर शाहबाद रोड स्थित चढ़्ढा मिल के निकट बनाए गए अस्थायी हेलीपैड पर उतरा, जहां से वे सीधे जनसभा स्थल पहुंचे। सभा में भारी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बना दिया और मुख्यमंत्री के संबोधन का लोगों ने जोरदार स्वागत किया।











Users Today : 136
Users This Year : 23927
Total Users : 36520
Views Today : 293
Total views : 71790