लालगंज (आज़मगढ़)। नवरात्रि के समापन पर प्रतिमा विसर्जन की खुशी मातम में बदल गई, जब गुरुवार रात लालगंज विकास खंड के कंजहित बाजार में एक 10वीं कक्षा का छात्र सड़क हादसे का शिकार हो गया। चंद सेकंड में हुआ यह हादसा पूरे गांव को गमगीन कर गया।
गुरुवार शाम करीब 7:45 बजे कंजहित गांव निवासी अनमोल उर्फ गोलू चौहान (16 वर्ष), जो कक्षा 10 का छात्र था, विसर्जन देखने के बाद अपने साथियों संग हाईवे पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनमोल डिवाइडर पर जा गिरा और वहीं बेहोश हो गया।
हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोग और परिजन आनन-फानन में घायल छात्र को लालगंज के 100 सैया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर उसे वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। लेकिन दुर्भाग्यवश, रास्ते में ही अनमोल ने दम तोड़ दिया।
टूटा सहारा, मातम में डूबा परिवार
अनमोल अपने माता-पिता का सबसे बड़ा बेटा था। पीछे उसका 8 साल का भाई और 10 साल की बहन हैं। पिता महावीर चौहान हाल ही में परदेश से लौटे थे और हर्निया का ऑपरेशन भी करवाया था। बेटे की असमय मौत की खबर सुनते ही परिजनों पर ग़म का पहाड़ टूट पड़ा।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कोशिश की, लेकिन परिजनों के मना करने पर पंचनामा भरकर शव परिवार को सौंप दिया गया। इसके बाद गमगीन माहौल में अनमोल का अंतिम संस्कार गाजीपुर जिले के और औड़ीहार में किया गया।
इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। गांव में हर कोई अनमोल की असमय मौत से सदमे में है। वहीं, पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।
तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग ने एक और मासूम की जिंदगी छीन ली, सवाल उठता है कि आखिर हाईवे पर हादसों का सिलसिला कब थमेगा










Users Today : 3
Users This Year : 19429
Total Users : 32022
Views Today : 3
Total views : 63597