बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में आज दिनांक 02 जुलाई 2026 को रिपब्लिक ऑफ कोरिया की प्रतिष्ठित कंपनी मेसर्स ए.आर.ए. ब्रिज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री शियुंग पार्क ने मेसर्स राइट्स लिमिटेड के अधिकारियों के साथ स्टैंडर्ड गेज लोकोमोटिव निर्माण क्षमता के आकलन हेतु बरेका का दौरा किया। उनके साथ मेसर्स जे.सी.एल. इन्फ्रा इंडिया के प्रबंध निदेशक श्री विश्व वासु गुप्ता भी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल का स्वागत मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) श्री राम जन्म चौबे ने किया। इस अवसर पर राइट्स के महाप्रबंधक श्री संजय कुमार एवं सहायक प्रबंधक श्री रोहित कुमार सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
दौरे की शुरुआत प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में आयोजित बैठक से हुई, जहाँ मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) राम जन्म चौबे तथा मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (डीजल) प्रवीण कुमार ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बरेका की उपलब्धियों, तकनीकी प्रगति, लोकोमोटिव उत्पादन, वैश्विक निर्यात, आधुनिक विनिर्माण क्षमता तथा लोकोमोटिव निर्माण प्रक्रिया के विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में उप मुख्य विपणन प्रबंधक अरविंद कुमार सहित बरेका के अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने ट्रक मशीन शॉप, लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप, लोको टेस्ट शॉप, लाइट मशीन शॉप, सब-असेंबली शॉप, इंजन इरेक्शन शॉप तथा इंजन टेस्ट शॉप सहित विभिन्न उत्पादन इकाइयों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें लोकोमोटिव निर्माण के विभिन्न चरणों, अत्याधुनिक विनिर्माण सुविधाओं तथा बरेका की डिजाइन एवं उत्पादन क्षमताओं से अवगत कराया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने बरेका की आधुनिक उत्पादन अवसंरचना, तकनीकी दक्षता तथा उच्च गुणवत्ता वाली निर्माण सुविधाओं की सराहना की। इस दौरे को भविष्य में संभावित औद्योगिक व्यावसायिक अवसरों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बरेका के प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील से शिष्टाचार भेंट भी की। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) राम जन्म चौबे ने शियुंग पार्क को स्मृति-चिह्न स्वरूप बरेका द्वारा निर्मित लोकोमोटिव मॉडल भेंट कर सम्मानित किया।











Users Today : 136
Users This Year : 23927
Total Users : 36520
Views Today : 293
Total views : 71790