वाराणसी।
विकास प्राधिकरण (वीडीए) की 134वीं बोर्ड बैठक सोमवार को मंडलायुक्त एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में शहर के सुनियोजित विकास, नई आवासीय योजनाओं और विभिन्न विकास परियोजनाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
साथ ही प्रस्तावित कल्लीपुर आवासीय योजना और मढ़नी आवासीय योजना सहित नई टाउनशिप परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा और उनकी टीम के कार्यों की सराहना की।
बैठक की शुरुआत में उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार तथा बोर्ड के नामित सदस्यों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने बैठक का संचालन करते हुए पूर्व बोर्ड बैठकों में लिए गए निर्णयों के अनुपालन, विकास परियोजनाओं की प्रगति तथा अवैध निर्माण एवं अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध चल रही प्रवर्तन कार्रवाई की जानकारी बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत की।

बैठक के दौरान प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता अरविंद शर्मा और विधि अधिकारी महादेव प्रसाद के सेवानिवृत्त होने पर उन्हें शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। बोर्ड ने लालपुर आवासीय योजना (प्रथम चरण) में 548 वर्गमीटर भूखंड का उपयोग
फायर स्टेशन से बदलकर शैय्यारहित चिकित्सा प्रतिष्ठान (डायग्नोस्टिक सेंटर, ओपीडी, क्लीनिक, पैथोलॉजी लैब आदि) के लिए किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। इसके अलावा भवन निर्माण एवं विकास उपविधि-2025 के तहत बहुमंजिली और व्यावसायिक परियोजनाओं में पार्किंग व्यवस्था के व्यावहारिक क्रियान्वयन संबंधी प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया।
शासन की गाइडलाइन के अनुरूप चिन्हित 355 कॉलोनियों में से श्याम नगर कॉलोनी और गौतम गार्डेन कॉलोनी के नियमितीकरण को भी मंजूरी दी गई। वहीं, ग्राम छितनपुर और चोलापुर स्थित कैटल कॉलोनियों के हस्तांतरण, मेसर्स रुद्रा रियल एस्टेट प्रा. लि. से संबंधित संशोधन प्रस्ताव शासन को भेजने तथा गणेशपुर की भूमि का भू-उपयोग “सेवा एवं लघु उद्योग” से “आवासीय” श्रेणी में परिवर्तित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
इसके अतिरिक्त धनेसरी की भूमि के भू-उपयोग परिवर्तन संबंधी प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। साथ ही मकबूल आलम रोड स्थित डीआईजी कॉलोनी में वीडीए अधिकारियों के लिए पुराने भवन के पुनर्निर्माण और नए आवासीय भवन के निर्माण को भी मंजूरी दी गई।
बैठक के समापन पर उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने सभी बोर्ड सदस्यों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उन्हें पौधे भेंट किए।










Users Today : 81
Users This Year : 23872
Total Users : 36465
Views Today : 223
Total views : 71720