पद्मश्री प्रो. एच. सी. वर्मा के मार्गदर्शन में सनबीम स्कूल मुगलसराय में चार दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय भौतिकी कार्यशाला का आयोजन

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

दुलहीपुर स्थित सनबीम स्कूल मुगलसराय द्वारा भौतिकी शिक्षण एवं अधिगम को अधिक प्रभावी, अवधारणात्मक एवं प्रयोगधर्मी बनाने के उद्देश्य से 28 जून से 1 जुलाई 2026 तक नेशनल लेवल वर्कशॉप ऑन टीचिंग एंड लर्निंग फिजिक्स का आयोजन किया जा रहा है।

इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में देश के प्रख्यात भौतिक विज्ञानी, पद्मश्री सम्मानित शिक्षाविद् एवं कांसेप्ट ऑफ़ फिजिक्स के लेखक प्रो. एच. सी. वर्मा मुख्य मार्गदर्शक के रूप में उपस्थित रहेंगे। प्रोफेसर वर्मा जी का चंदौली जिले में यह प्रथम आगमन है। कार्यशाला का मुख्य विषय कांसेप्चुअल लर्निंग बियोंड टैक्स्टबुक रखा गया है, जिसका उद्देश्य शिक्षकों एवं विद्यार्थियों में भौतिकी की अवधारणाओं को गहराई से समझने, वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा नवाचार को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम के प्रथम दिवस (28 जून 2026) को भौतिकी शिक्षकों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इस प्रशिक्षण में वाराणसी, जौनपुर, चंदौली, मिर्जापुर , बलिया, मऊ एवं सोनभद्र जनपदों के लगभग 60 भौतिकी शिक्षक सहभागिता करेंगे। प्रो. एच. सी. वर्मा शिक्षकों के साथ अवधारणात्मक शिक्षण, समस्या-समाधान की प्रभावी रणनीतियों तथा आधुनिक शिक्षण पद्धतियों पर अपने अनुभव साझा करेंगे, जिससे शिक्षण की गुणवत्ता को नई दिशा मिलेगी।

द्वितीय दिवस (29 जून 2026) को शिक्षकों का प्रशिक्षण जारी रहेगा। इसके साथ ही प्रो. एच. सी. वर्मा सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ विशेष संवाद सत्र में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति जिज्ञासा, तार्किक सोच एवं नवाचार के लिए प्रेरित करेंगे तथा उनके प्रश्नों का उत्तर देकर उन्हें वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।

तृतीय दिवस (30 जून 2026) को प्रो. एच. सी. वर्मा के मार्गदर्शन में भौतिकी शिक्षकों का प्रशिक्षण जारी रहेगा। सायंकाल “संध्या चर्चा” के अंतर्गत वे अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से संवाद करेंगे तथा विज्ञान, शिक्षा और सीखने से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा करते हुए उनके प्रश्नों के उत्तर देंगे।

चतुर्थ दिवस (1 जुलाई 2026) को विद्यालय परिसर में “जिज्ञासा 4.0 विज्ञान प्रदर्शनी” का आयोजन किया जाएगा। इस प्रदर्शनी में सनबीम स्कूल समूह की विभिन्न शाखाओं के विद्यार्थी अपने वैज्ञानिक मॉडल, नवाचार एवं शोध आधारित परियोजनाओं का प्रदर्शन करेंगे।

विद्यालय की निदेशिका श्वेता कानूडिया ने कहा- कि यह आयोजन केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए सीखने, प्रेरणा प्राप्त करने तथा विज्ञान शिक्षा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। प्रो. एच. सी. वर्मा जैसे अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शिक्षाविद् का मार्गदर्शन प्रतिभागियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध होगा।

विद्यालय की प्रधानाचार्या सौमिता चटर्जी ने कहा कि प्रो. एच. सी. वर्मा का मार्गदर्शन प्रतिभागियों के लिए प्रेरणादायी सिद्ध होगा तथा यह आयोजन पूर्वांचल में विज्ञान शिक्षा को नई दिशा प्रदान करेगा।

 

रिपोर्ट – आलिम हाशमी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई