जमीन पर कब्जे, मारपीट और धमकी का आरोप; पीड़ित दंपति ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

चन्दौली पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)

अलीनगर थाना क्षेत्र के मानसनगर निवासी सेवानिवृत्त रेलकर्मी राजेन्द्र प्रसाद भगत एवं उनकी पत्नी मानती देवी ने अपनी भूमि पर कथित अवैध कब्जा, मारपीट और जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक चंदौली से न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़ित परिवार के अनुसार अलीनगर क्षेत्र में नहर किनारे स्थित उनकी भूमि, खसरा संख्या 1283 (पुराना खसरा संख्या 887) पर कुछ लोगों द्वारा चाय-पान, सैलून और साइकिल मरम्मत की गुमटियां रख दी गई हैं।

आरोप है कि इन गुमटियों के कारण उनकी जमीन तक पहुंचने का रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया है। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो संबंधित लोगों ने रास्ता खाली करने से इनकार कर दिया और भूमि पर स्थायी निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया।

मानती देवी द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि 23 मई 2026 को थाना दिवस के दौरान शिकायत किए जाने पर पुलिस की मौजूदगी में आरोपित पक्ष ने गुमटियां हटाने का आश्वासन दिया था। हालांकि बाद में न तो गुमटियां हटाई गईं और न ही विवाद का समाधान हुआ। आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की गई।

पीड़िता के अनुसार 29 मई को उनके पति राजेन्द्र प्रसाद भगत अपनी भूमि पर बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए ईंट गिरवाने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में अलीनगर थाने में कई बार लिखित शिकायत भी दी गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

राजेन्द्र प्रसाद भगत ने बताया कि वह रेलवे विभाग से सेवानिवृत्त हैं और अपनी पत्नी के नाम दर्ज भूमि पर मकान बनाकर रहने की योजना बना रहे थे। उनका आरोप है कि कुछ लोग जबरन उनकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं और विरोध करने पर लगातार धमकियां दी जा रही हैं।

पीड़ित दंपति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पुलिस अधीक्षक चंदौली तथा स्थानीय प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने और उनकी भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की है।

क्या बोले क्षेत्राधिकारी

मामले में क्षेत्राधिकारी (सीओ) पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष का लिखित प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। शिकायत की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

रिपोर्ट – आलिम हाशमी

 

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई