चंदौली/दिनांक 24 जून, 2026
जनता की समस्याओं के त्वरित और मौके पर निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने विकास खंड सकलडीहा की ग्राम पंचायत फगुइया में जन चौपाल का आयोजन किया। चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की एक-एक कर समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।

जन चौपाल में मुख्य रूप से बिजली, पानी, सड़क, साफ-सफाई, पेंशन, खतौनी और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामले सामने आए। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने मौके पर मौजूद बिजली विभाग के अभियंता को निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में मानक रहित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और जर्जर तारों व लो-वोल्टेज की समस्या को तत्काल दूर किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने ग्राम पंचायत सचिव (सेक्रेटरी) और एडीओ पंचायत को गांव में स्वच्छता अभियान को गति देने तथा विकास कार्यों में पारदर्शिता बरतने की हिदायत दी।
जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर शिकायतों का ससमय निस्तारण सुनिश्चित करें।
ग्राम पंचायत फगुइया में जन चौपाल के बाद जिलाधिकारी ने सचिवालय लाइब्रेरी का किया निरीक्षण

ग्राम पंचायत फगुइया में आयोजित जन चौपाल के बाद जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने अचानक ग्राम सचिवालय और वहाँ बनी लाइब्रेरी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
जिलाधिकारी ने लाइब्रेरी में रखी किताबों के रख-रखाव, छात्र-छात्राओं के बैठने की व्यवस्था, प्रकाश (लाइटिंग) और पेयजल की सुविधाओं को देखा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान और सचिव को निर्देशित करते हुए कहा कि लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं और बच्चों के लिए उपयोगी व ज्ञानवर्धक पुस्तकें अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। लाइब्रेरी नियमित रूप से तय समय पर खुले ताकि ग्रामीण युवा इसका पूरा लाभ उठा सकें। सचिवालय और लाइब्रेरी परिसर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। ग्राम सचिवालयों में बनी लाइब्रेरी ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं के भविष्य को संवारने में मील का पत्थर साबित होंगी। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सकलडीहा कुंदन राज कपूर, खंड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत, ग्राम प्रधान सहित बिजली व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।











Users Today : 52
Users This Year : 18023
Total Users : 30616
Views Today : 151
Total views : 60817