चन्दौली।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। नगर के डीडीयू रेल परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को भीषण जाम की स्थिति देखने को मिली। जाम के कारण राहगीरों, यात्रियों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लग गया।
रेलवे स्टेशन के आसपास का क्षेत्र होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों और वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में यातायात का दबाव बढ़ने से जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है। सोमवार को तेज धूप और उमस के बीच भी यातायात पुलिसकर्मी लगातार सड़क पर डटे रहे और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने का प्रयास करते नजर आए।
जाम की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए यातायात पुलिस द्वारा प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई। पुलिसकर्मी वाहनों को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाने तथा अनावश्यक रूप से सड़क पर खड़े वाहनों को हटाने में जुटे रहे। तेज धूप के बावजूद उनकी सक्रियता लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी (सीओ) कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर नगर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जाम की समस्या से लोगों को राहत दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है और इसके लिए यातायात पुलिस पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रही है।
सीओ ने बताया कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है तथा यातायात संचालन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से भी यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की, ताकि नगर को जाम की समस्या से राहत मिल सके।











Users Today : 12
Users This Year : 23708
Total Users : 36301
Views Today : 15
Total views : 71281