अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दिनांक 21 जून 2026 को चंपारण प्रमंडल, मोतिहारी के प्रधान डाकघर परिसर में एक भव्य एवं प्रेरणादायक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों एवं आमजन के बीच योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में मुकेश कुमार लस्कर, डाक अधीक्षक, चंपारण प्रमंडल, मोतिहारी ने मुख्य रूप से भाग लिया। उनके साथ पंकज कुमार पंकज, सहायक डाक अधीक्षक, चंपारण प्रमंडल, मोतिहारी सहित प्रधान डाकघर एवं प्रमंडल के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया।

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ” Yoga for Healthy Ageing” को केंद्र में रखते हुए प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान योग के नियमित अभ्यास से शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
अपने संबोधन में डाक अधीक्षक मुकेश कुमार लस्कर ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा प्रदान करती है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने का आह्वान किया तथा कहा कि नियमित योगाभ्यास से कार्यक्षमता में वृद्धि होने के साथ-साथ तनावमुक्त एवं स्वस्थ जीवन संभव है।
सहायक डाक अधीक्षक पंकज कुमार पंकज ने भी योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में योग शारीरिक एवं मानसिक संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम “Yoga for Healthy Ageing” को सफल बनाने तथा स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए नियमित योगाभ्यास करने का सामूहिक संकल्प लिया।
यह आयोजन अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक रहा तथा सभी प्रतिभागियों ने भविष्य में भी योग संबंधी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।











Users Today : 104
Users This Year : 17640
Total Users : 30233
Views Today : 254
Total views : 59993