काशी के लाल राहुल यादव के सम्मान में भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

अंडर-18 हॉकी एशिया कप 2026 में भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

वाराणसी, 14 जून 2026। काशीवासियों के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि वाराणसी के प्रतिभाशाली युवा हॉकी खिलाड़ी राहुल यादव ने अंडर-18 हॉकी एशिया कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम की ऐतिहासिक विजय में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। राहुल की इस उल्लेखनीय उपलब्धि ने न केवल काशी, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।

राहुल यादव की इस ऐतिहासिक सफलता के उपलक्ष्य में रविवार को उनके सम्मान में एक भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 2:00 बजे बीएचयू गेट स्थित महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके पश्चात राहुल यादव के सम्मान में एक विशाल जुलूस निकाला गया, जो बीएचयू गेट से ट्रामा सेंटर, छित्तूपुर होते हुए सीर गोवर्धनपुर तक पहुंचा।

जुलूस के दौरान विभिन्न स्थानों पर नागरिकों, खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों एवं युवाओं ने राहुल यादव का गर्मजोशी से स्वागत किया। लोगों ने पुष्प वर्षा कर तथा माल्यार्पण कर उन्हें बधाई दी। पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारों और भारतीय हॉकी टीम की जीत के जयघोष से वातावरण उत्साह और गौरव से भर उठा।

सीर गोवर्धनपुर पहुंचने पर राहुल यादव का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां उन्हें पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित वक्ताओं ने राहुल की मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि काशी के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से यह सिद्ध कर दिया है कि प्रतिभा और परिश्रम के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, खेल प्रेमी, युवा, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने भारतीय टीम की गौरवशाली जीत का उत्सव मनाते हुए राहुल यादव को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

काशी के इस होनहार खिलाड़ी की सफलता ने पूरे शहर को गौरवान्वित किया है। नागरिकों ने विश्वास व्यक्त किया कि राहुल यादव भविष्य में भी भारतीय हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हुए देश का नाम विश्व पटल पर रोशन करेंगे।

 

रिपोर्ट धनेश्वर साहनी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई