कौशांबी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब कौशांबी के नव निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह विकास भवन स्थित सरस हाल में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला सूचना अधिकारी, विशिष्ट अतिथि प्रेस क्लब कौशांबी के अध्यक्ष बृजेश गौतम तथा क्लब के संरक्षक प्रसिद्ध मिश्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के बुके भेंट कर स्वागत, दीप प्रज्ज्वलन एवं राष्ट्रगान के साथ हुई।
इसके उपरांत निर्वाचन प्रक्रिया में विजयी हुए
पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ लेने वालों में अध्यक्ष अली मुक्तेदा, उपाध्यक्ष अमरनाथ झा, महामंत्री इंतेजार रिजवी, कोषाध्यक्ष राम किशन पटेल, संगठन मंत्री शानिराज वर्मा, सचिव सुनील साहू, खादिम रिजवी, मेराज अहमद तथा आय-व्यय निरीक्षक नवनीत कुमार शामिल रहे। सभी पदाधिकारियों ने पत्रकारिता के मूल्यों, निष्पक्षता और संगठन के हित में कार्य करने का संकल्प लिया।मुख्य अतिथि जिला सूचना अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं।
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक मीडिया आज सूचना प्रसारण का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। पत्रकारों की जिम्मेदारी है कि वे समाज और शासन के बीच सेतु की भूमिका निभाते हुए सत्य एवं तथ्यपरक खबरों को प्राथमिकता दें। उन्होंने क्लब के नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
क्लब के संरक्षक प्रसिद्ध मिश्रा ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब कौशांबी जिले के पत्रकारों को एक मंच प्रदान करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती आपसी सहयोग, एकता और पत्रकार हितों की रक्षा से ही संभव है। उन्होंने नव निर्वाचित टीम से पत्रकारों के सम्मान और अधिकारों के लिए निरंतर कार्य करने की अपेक्षा जताई।
प्रेस क्लब कौशांबी के अध्यक्ष बृजेश गौतम ने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं बल्कि सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब के गठन और उसके लोकतांत्रिक चुनाव की सराहना की।
कार्यक्रम में अस्वस्थता के कारण क्लब के संस्थापक धारा सिंह उपस्थित नहीं हो सके। उन्होंने संदेश के माध्यम से सभी नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन की प्रगति और पत्रकार हित में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों, पत्रकारों और पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।











Users Today : 60
Users This Year : 17373
Total Users : 29966
Views Today : 151
Total views : 59431