जनगणना-2027 की तैयारियां शुरू, 22 मई से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

जौनपुर

जनपद में जनगणना-2027 की गतिविधियां 22 मई 2026 से शुरू होने जा रही हैं। भारत सरकार और उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर शुरू हो रहे इस अभियान के तहत मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य 20 जून 2026 तक चलेगा। जिला प्रशासन ने इसे सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व की प्रक्रिया है, जिसमें नागरिकों की सामाजिक, आर्थिक एवं आवासीय स्थिति से जुड़े आंकड़े जुटाए जाते हैं। इन आंकड़ों का उपयोग विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने में किया जाता है। उन्होंने लोगों से गणनाकर्मियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की।

डीएम ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान प्राप्त सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाती हैं और उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाता है।
जनगणना कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जनपद में 18 चार्ज अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जबकि 10,116 प्रगणक एवं पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। ये सभी कर्मी अपने-अपने गणना ब्लॉकों में जाकर घर-घर सर्वे का कार्य करेंगे।

प्रशासन की ओर से जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में 7 मई से 21 मई तक स्व-गणना अभियान संचालित किया गया, जिसमें मास्टर ट्रेनरों और फील्ड ट्रेनरों ने विभिन्न विभागों में जाकर लोगों को जागरूक किया। इस दौरान 82 हजार से अधिक लोगों ने स्व-गणना पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराया।

जिन लोगों ने पहले ही स्व-गणना कर ली है, उन्हें अब केवल अपना सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी (Self Enumeration ID) प्रगणक को देना होगा। वहीं जिन लोगों ने अभी तक स्व-गणना नहीं की है, उनकी गणना प्रगणक द्वारा की जाएगी।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही विश्वास करें। प्रशासन ने जनभागीदारी को सफल जनगणना की कुंजी बताते हुए नारा दिया है—

“सही जानकारी, बेहतर योजना-जन भागीदारी से सफल जनगणना।”

रिपोर्ट –  सुरेश कुमार शर्मा

 

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई