चन्दौली अलीनगर
थाना क्षेत्र के खजूरगांव में एक युवक पर जानलेवा हमला और फायरिंग का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से परिवार दहशत में है और पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा की मांग कर रहा है।
एफआईआर के अनुसार, खजूरगांव निवासी रितेश कुमार पासवान ने आरोप लगाया है कि करीब एक माह पहले क्रिकेट खेलने के दौरान कुछ युवकों से विवाद हुआ था। आरोप है कि उसी विवाद के बाद से लगातार धमकियां दी जा रही थीं और 50 हजार रुपये की मांग भी की गई।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि 17 मई की रात करीब 10:30 बजे आरोपी अपने कुछ साथियों के साथ बाइक से घर के बाहर पहुंचे और फोन कर युवक को नीचे बुलाने लगे। जब वह नीचे नहीं आया तो दरवाजा पीटा गया।
आरोप है कि युवक के छत पर दिखाई देने पर एक आरोपी ने पिस्टल निकालकर उसकी ओर फायर कर दिया। युवक ने छत पर लेटकर खुद को बचाया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग गए।
घटना के संबंध में अलीनगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और जांच उपनिरीक्षक को सौंपी गई है।
पीड़ित के पिता महेन्द्र पासवान ने बताया कि घटना से पहले भी उनके बेटे को फोन पर धमकियां मिल रही थीं। उनका कहना है कि घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक स्थायी सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई है।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक परिवार को सुरक्षा दी जाए, क्योंकि गिरफ्तारी न होने से परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।










Users Today : 15
Users This Year : 23711
Total Users : 36304
Views Today : 46
Total views : 71312