वाराणसी, 16 मई 2026:
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने वाराणसी में नगर विकास और ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। मंत्री ने साफ कहा कि बारिश से पहले शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त होनी चाहिए और कहीं भी जलभराव की स्थिति नहीं बननी चाहिए।
मंत्री ने सड़क, नाली, पार्कों के रखरखाव, सौंदर्यीकरण, इंटरलॉकिंग और दीवारों की पेंटिंग जैसे कार्यों को तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में कूड़ा जमा न हो और सफाई अभियान तेज किया जाए ताकि इस बार वाराणसी को स्वच्छता रैंकिंग में बेहतर स्थान मिल सके।
15 मई की देर रात मंत्री ए.के. शर्मा ने नगर आयुक्त के साथ शहर का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों, नालियों और सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया। कई जगह निर्माण कार्य चलते मिले, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों से सीधे बातचीत कर कार्यों की गुणवत्ता की जानकारी ली।
ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को बिजली आपूर्ति को लेकर भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में बिजली संकट बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, ट्रांसमिशन व्यवस्था मजबूत करने और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।
मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि विद्युत उपकेंद्रों पर बैठकर जनता की समस्याएं सुनें और उनका तत्काल समाधान करें।
बैठक में राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी शंभू कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।









Users Today : 2
Users This Year : 15569
Total Users : 28162
Views Today : 2
Total views : 55910