वाराणसी:
मिलावटी और घटिया खाद्य पदार्थों पर शिकंजा कसते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने वाराणसी में बड़ा अभियान चलाया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ के आदेश और जिलाधिकारी वाराणसी के निर्देश पर 6 और 7 मई 2026 को जिले के कई इलाकों में घी और खाद्य तेल की विशेष जांच की गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विशेश्वरगंज, मच्छोदरी, गोला दीनानाथ, सेवापुरी, गोदौलिया, शिवपुर, पहड़िया, चेतगंज, जगतगंज, कछवा रोड और गायघाट समेत विभिन्न क्षेत्रों में कुल 40 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान 20 स्थानों पर छापेमारी कर विभिन्न कंपनियों के घी और खाद्य तेल के 20 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
जिन ब्रांडों के नमूने लिए गए उनमें न्यूट्रिला रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, राग गोल्ड पामोलिन ऑयल, अनिक घी, फॉर्च्यून सोयाबीन ऑयल, डालडा, कच्ची घानी सरसों तेल, ब्रिटानिया घी, मदर डेयरी घी, धारा ऑयल, सफोला एक्टिव, पतंजलि घी, फर्स्ट क्रॉप सनफ्लावर ऑयल, महाकोश ऑयल समेत कई अन्य उत्पाद शामिल हैं।
अभियान का उद्देश्य अन्य राज्यों में निर्मित और विदेशों से आयातित खाद्य तेल एवं घी की गुणवत्ता की जांच कर उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
इस विशेष अभियान का नेतृत्व सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय एवं अभिहित अधिकारी कौशलेन्द्र शर्मा ने किया। उनके निर्देशन में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित समेत कई खाद्य सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहे।
विभाग ने साफ किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद अगर किसी नमूने में गड़बड़ी पाई गई तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।










Users Today : 6
Users This Year : 23797
Total Users : 36390
Views Today : 6
Total views : 71503